Share Market : हरे निशान पर खुले सेंसेक्स-निफ्टी, शुरुआती कारोबार में US डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर
आज सेंसेक्स-निफ्टी हरे निशान पर खुले। शुरुआती कारोबार में US डॉलर के मुकाबले रुपया 9 पैसे कमजोर हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 142 अंकों की बढ़त के साथ खुला और 76342 अंकों पर कारोबार कर रहा था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के निफ्टी में भी तेजी देखी गई। बाजार की ओपनिंग के वक्त 18 अंकों की बढ़त के साथ खुला निफ्टी 23842 पर कारोबार कर रहा था। पश्चिम एशिया में तनाव के बीच भारत के शेयर बाजार में निवेशक सतर्क रुख अपनाए हुए हैं।
मिलेजुले वैश्विक संकेतों के बीच बुधवार को भारतीय शेयर बाजार की सपाट शुरुआत हुई। शुरुआती कारोबार में सूचकांकों में निफ्टी आईटी और निफ्टी फार्मा टॉप गेनर थे। इसके साथ निफ्टी हेल्थकेयर, निफ्टी पीएसयू बैंक, निफ्टी प्राइवेट बैंक, निफ्टी सर्विसेज, निफ्टी रियल्टी, निफ्टी एफएमसीजी और निफ्टी पीएसई हरे निशान में थे। निफ्टी ऑटो, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, निफ्टी मेटल, निफ्टी मीडिया और निफ्टी इन्फ्रा लाल निशान में थे।
