वेनेजुएला में फिर 4.9 तीव्रता का भूकंप, अबतक 920 मौतें, करीब 3300 घायल, 51 हजार लापता
दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में 25 जून को आए दो भूकंप के बाद शनिवार को एक और भूकंप आया। देश के उत्तरी तट के पास इस भूकंप की तीव्रता 4.9 रिक्टर मापी गई। रॉयटर्स के मुताबिक इसके झटके राजधानी कराकास और माराके में भी महसूस किए गए। वहीं, पिछले भूकंप के तीन दिन बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर 920 हो गई है। 3360 से ज्यादा लोग घायल हैं, जबकि 51,700 से ज्यादा लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि अब तक 243 लोगों को जिंदा बचाया गया है। राहत और बचाव अभियान जारी है, इसलिए मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।
कई इलाकों में सरकारी राहत टीमों की कमी के कारण लोग परिजन को ढूंढ़ने के लिए खुद मलबा हटाने में जुटे हैं। कई परिवार हथौड़ों और दूसरे औजारों से इमारतों का मलबा हटाकर अपने परिजन की तलाश कर रहे हैं।
वेनेजुएला में आए भूकंप के बाद कई परिवारों को अपना घर छोड़कर राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी है। एक विस्थापित मां लूज मरीना मार्कानो ने बताया कि जब उनका परिवार घर से भाग रहा था तो बच्चे डर से कह रहे थे कि “मम्मी, हमें यहां से निकालो, हम यहां मरना नहीं चाहते। उन्होंने रॉयटर्स को बताया कि वह अपना घर अकेला नहीं छोड़ना चाहती थीं। उनके साथी, जो एक सरकारी कर्मचारी हैं, ने उन्हें सलाह दी कि बच्चों के साथ शिविर में रहना ज्यादा सुरक्षित रहेगा।
कराकास के अली प्रिमेरा पार्क में बने राहत शिविरों में लोगों को कपड़े, जूते और चादरें जैसी जरूरी चीजों के पैकेट दिए जा रहे हैं।
