पत्नी और दो बच्चों को कुल्हाड़ी से काटा, मर्डर के बाद ट्रेन से कटा, पुलिस बोली-पत्नी के डांस वीडियो से नाराज था

मध्य प्रदेश : मुरैना जिले के किशनपुर गांव में शुक्रवार, 26 जून की देर रात एक ऐसी घटना हुई जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। 35 साल के बलराम सिंह कुशवाहा ने रात को सो रही अपनी 32 वर्षीय पत्नी रविता कुशवाहा पर कुल्हाड़ी से हमला किया। रविता की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद बलराम ने अपने दो मासूम बेटों पर भी कुल्हाड़ी चला दी। आठ साल के आरव और पांच साल के देबू भी इस हमले में मारे गए। दोनों बच्चे उस वक्त गहरी नींद में थे। पूरे परिवार को मारने के बाद बलराम गांव से कुछ दूर स्थित शिकारपुर रेलवे फाटक पर पहुंचा। वहां उसने ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी।

शनिवार, 27 जून की सुबह जब ग्रामीणों को घर में खून की जानकारी मिली तो देखते ही देखते पूरा गांव उमड़ पड़ा। माहौल में सन्नाटा और सदमे की लहर फैल गई। किसी को यकीन नहीं हो रहा था कि एक बाप अपने ही बच्चों के साथ यह कर सकता है।

सूचना मिलते ही माता बसैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारी और FSL (Forensic Science Laboratory) यानी फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया। सबूत इकट्ठा किए गए और जांच शुरू की गई।

परिजनों ने बताया कि बलराम की मारपीट से परेशान होकर रबीता के पिता 17 जून को उसे अपने गांव कुतवार ले गए थे। बाद में बलराम ने दोबारा मारपीट नहीं करने का भरोसा दिया, जिसके बाद 24 जून को रबीता को उसके साथ भेज दिया गया था। इसी बीच गांव में चल रही भागवत कथा में महिलाओं के साथ रबीता के भक्ति गीतों पर नृत्य करने की बात को लेकर भी बलराम ने उससे विवाद और मारपीट की थी।

पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बलराम अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। इसी शक के चलते उसने पत्नी और दोनों बच्चों की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

पत्नी रविता, बेटे आरव, बेटे देबू और बलराम सिंह, चारों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए मुरैना भेज दिए गए हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना की और जानकारी सामने आ सकती है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जल्द ही हत्या के पीछे की असली वजह सामने लाई जाएगी।