राजस्थान और उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री, 18 राज्यों में बारिश का अलर्ट

राजस्थान और उत्तर प्रदेश में आज मानसून की एंट्री हो गई। राजस्थान के बाड़मेर, जोधपुर, जयपुर समेत 13 जिलों में मानसून ने प्रवेश किया है। इस बार मानसून तय समय से 7 दिन पहले आया है। वहीं उत्तर प्रदेश के ललितपुर, सोनभद्र के रेणुकूट और चोपन में मानसून एक्टिव हो गया है। चार साल बाद मानसून ने अपने तय समय 18 जून को एंट्री की है। मंगलवार को मानसून ने बिहार-झारखंड पहुंचा था। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में केदारनाथ यात्रा मार्ग पर बुधवार सुबह तेज बारिश के चलते लैंडस्लाइड हुई। इसमें दो लोगों की मौत हो गई है जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। घायल यात्रियों को कंडी के माध्यम से गौरीकुंड भेजा गया है। गुजरात में भी मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। सोमवार से हो रही भारी बारिश के कारण बोटाद जिले में बाढ़ जैसे हालात है। यहां 40 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया। वहीं भावनगर में एक कार नदी में बहने से पांच लोग लापता हो गए हैं। मध्यप्रदेश में एंट्री करने के दूसरे ही दिन मानसून 19 जिलों में पहुंच गया। 25 दिनों से बस्तर में अटका मानसून आज पूरे छत्तीसगढ़ को कवर कर लेगा। आज असम, मेघालय, ओडिशा, झारखंड, बंगाल में बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने का रेड अलर्ट है। 13 राज्यों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।