केंद्रीय कर्मचारियों का जुलाई में कितना बढ़ेगा DA ? देखिए पूरी कैलकुलेशन

केंद्र सरकार के एक करोड़ से अधिक कर्मचारियों और पेंशनर्स को आठवें वेतन आयोग की सिफारिशों का बेसब्री से इंतजार है। इस बीच जुलाई से उनके डीए में बढ़ोतरी भी होनी है। केंद्र सरकार साल में दो बार अपने कर्मचारियों का महंगाई भत्ता यानी डीए बढ़ाती है। जनवरी में इसमें 2 फीसदी बढ़ोतरी की गई थी जिसके बाद यह बेसिक सैलरी यानी मूल वेतन का 60% हो गया है। जुलाई में कितना बढ़ सकता है केंद्रीय कर्मचारियों का डीए?

लेबर ब्यूरो ने मई 2026 के लिए ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (इंडस्ट्रियल वर्कर) (AICPI-IW) की मासिक रीडिंग 150.8 जारी की है जो पिछले 12 महीनों में सबसे अधिक है। यह डेटा केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते (DA) की गणना करने का मुख्य आधार है। लेबर ब्यूरो जुलाई के अंत में जून महीने की AICPI रीडिंग जारी करेगा। तभी पता चल पाएगा कि केंद्रीय कर्मचारियों के डीए में कितनी बढ़ोतरी हो सकती है।

मई की रीडिंग से पता चलता है कि डीए में 3% की बढ़ोतरी होने की संभावना है। लेकिन जून के आंकड़े जारी होने के बाद यह 4% तक पहुंच सकता है। डीए की गणना एक फॉर्मूले के आधार पर की जाती है। मौजूदा AICPI-IW रीडिंग के अनुसार डीए की दर 63.13% बैठती है। सरकार डीए में बढ़ोतरी तय करने के लिए राउंड फिगर वैल्यू लेती है। यह 63% होगा। इसका मतलब है कि जून 2026 से डीए में 3% की बढ़ोतरी होगी।

डीए तभी 64% तक पहुंच सकता है जब जून का डेटा आने के बाद 12 महीने की औसत महंगाई 148.86 तक पहुंच जाए। इसके लिए, जून का AICPI-IW इंडेक्स डेटा 154.5 होना चाहिए। लेकिन पिछले 12 महीनों के पैटर्न को देखते हुए आसान नहीं है। हालांकि, DA में बढ़ोतरी का असल आंकड़ा सरकार की घोषणा के बाद ही पता चलेगा।