मुंबई में भारी बारिश, समुद्र से दूर रहने की चेतावनी, 15 फीट ऊंची लहरें उठ सकती हैं

महाराष्ट्र में मानसून आने के बाद चार जिलों में भारी बारिश हो रही है। मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ में रेड अलर्ट है। मुंबई में पिछले 24 घंटे में 172mm बारिश हुई। बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) ने गुरुवार दोपहर समुद्र में करीब 15 फीट ऊंची लहरें उठने की चेतावनी दी है। लोगों को समुद्र से दूर रहने की सलाह दी गई है। उधर मध्य प्रदेश के 7 जिलों में बुधवार को तेज बारिश हुई। इंदौर में बारिश में कार नाले में गिर गई। सीहोर जिले में सड़कों पर पानी नदी की तरह बहने लगा। इसमें बाइक भी बह गईं। बिहार में बिजली गिरने से तीन और झारखंड में दो लोगों की मौत हो गई।

यूपी के 25 शहरों में बुधवार को बारिश हुई। आजमगढ़, बिजनौर, मिर्जापुर में तेज बारिश के बाद सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। ललितपुर रेलवे स्टेशन के वेटिंग हॉल और जीआरपी थाने में पानी घुस गया। फतेहपुर में आंधी से ई-रिक्शा पलट गया। मानसून ने बुधवार को पंजाब और हरियाणा में एंट्री कर ली। अब दिल्ली और राजस्थान को छोड़ पूरे देश में मानसून पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि जुलाई में देश के ज्यादातर हिस्सों में सामान्य से कम बारिश हो सकती है।