अर्जेंटीना 13 मिनट में 3 गोल दागकर क्वार्टर फाइनल में, 2 गोल से पिछड़ने के बाद जीती टीम

डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना ने मिस्र को 3-2 से हराकर फुटबॉल वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। मंगलवार को अटलांटा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अर्जेंटीना 78वें मिनट तक 0-2 से पीछे थी। यहां से रोमेरो (79वें मिनट), मेसी (83वें मिनट) और फर्नांडीज (इंजरी टाइम के तीसरे मिनट) ने 13 मिनट में 3 गोल कर टीम को जीत दिला दी। वर्ल्ड कप इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है, जब अर्जेंटीना की टीम दो गोल से पिछड़ने के बाद जीती है।

मेसी ने इस टूर्नामेंट में 8वां गोल किया। वे सबसे ज्यादा गोल के साथ गोल्डन बूट की रेस में पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। जीत के बाद मेसी मैदान पर ही फूट-फूटकर रोने लगे। अर्जेंटीना का सामना 12 जुलाई को स्विट्जरलैंड से होगा। इसी के साथ क्वार्टर फाइनल की 8 टीमें तय हो गई हैं।

क्वार्टर फाइनल लाइनअप में खास

स्विट्जरलैंड 72 साल बाद पहली बार विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचा है। उसने इससे पहले 1954 में विश्व कप में अंतिम-8 में जगह बनाई थी।
मोरक्को लगातार दूसरे वर्ल्ड कप में नॉकआउट चरण में पहुंचने वाली पहली अफ्रीकी टीम बन गई है। 2022 में उसने सेमीफाइनल तक पहुंचकर इतिहास रचा था।
क्वार्टर फाइनल लाइनअप में मोरक्को, बेल्जियम, नॉर्वे और स्विट्जरलैंड ऐसी टीमें हैं, जिन्होंने अब तक एक भी खिताब नहीं जीता है।

मैच में खास

मेसी ने वर्ल्ड कप में 9 मैचों में गोल करने का रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने अपने ही रिकॉर्ड को बेहतर किया।
वर्ल्ड कप में मेसी के कुल गोल की संख्या 21 हो गई है। वे टूर्नामेंट के ऑलटाइम टॉप स्कोरर हैं।