Share Market : बाजार की छलांग, सेंसेक्स 750 अंक से ज्यादा उछला, निफ्टी 24,150 के पार
शुक्रवार सुबह भारतीय शेयर बाजार में चौतरफा तेजी देखने को मिली, जिसने दलाल स्ट्रीट के निवेशकों को गदगद कर दिया है। बाजार खुलते ही प्रमुख संवेदी सूचकांकों में जोरदार खरीदारी देखी गई, जिससे बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी दोनों ही हरे निशान में काफी ऊपर कारोबार करने लगे। आईटी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के मजबूत तिमाही नतीजों और दुनिया भर के बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के दम पर घरेलू बाजार में निवेशकों की धारणा बेहद मजबूत हुई है, जिससे बाजार में यह बड़ी तेजी दर्ज की जा रही है।
कारोबार शुरू होते ही भारतीय शेयर बाजार में भारी लिवाली देखने को मिली। बीएसई का बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 750 अंकों से अधिक की बड़ी उछाल के साथ खुला, वहीं एनएसई का निफ्टी 24,150 के स्तर के पार निकल गया। शुरुआती कारोबार में इन दोनों प्रमुख सूचकांकों ने 0.85 प्रतिशत तक की बढ़त हासिल की। इस तेजी को सबसे ज्यादा बल आईटी इंडेक्स से मिला, जिसमें बाजार खुलते ही दो प्रतिशत की शानदार बढ़त देखी गई।
शुरुआती कारोबार में रुपया डॉलर के मुकाबले 15 पैसे बढ़कर 95.32 पर पहुंच गया। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बावजूद, डॉलर के कमजोर होने और तेल की कीमतों में नरमी आने से शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में रुपये में यह तेज दर्ज की गई। वैश्विक बाजार में डॉलर सूचकांक में 0.25 फीसदी की गिरावट आई। यह 100.64 पर कारोबार कर रहा था। ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.35 फीसदी की गिरावट के साथ 77.75 डॉलर प्रति बैरल पर था। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने गुरुवार को 532.86 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
