हापुड़ : बीच बाजार युवक ने कंधे पर उठाई बाइक, देखने के लिए लगी भीड़

हापुड़ के पिलखुआ नगर में फ्लाईओवर के पास बाजार में एक युवक द्वारा कंधे पर मोटरसाइकिल उठाकर बाजार में घूमने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना ने लोगों को हैरान कर दिया है। पिलखुआ कोतवाली पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। बुधवार दोपहर लगभग एक बजे सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुई। यह घटना पिलखुआ के व्यस्त मुख्य बाजार में हुई। वीडियो में एक युवक बिना किसी बाहरी मदद के, अकेले ही एक भारी मोटरसाइकिल को अपने कंधों पर उठाए हुए दिखाई दे रहा है।

वह बाइक को कंधे पर लादकर बाजार के बीचो-बीच आसानी से घूम रहा था। आमतौर पर एक मोटरसाइकिल का वजन 100 से 150 किलोग्राम के बीच होता है। युवक के इस अकल्पनीय शारीरिक प्रदर्शन को देखकर वहां मौजूद राहगीर और दुकानदार ठिठक गए। कई लोगों ने तुरंत अपने मोबाइल फोन निकालकर इस दृश्य को रिकॉर्ड कर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, युवक के बाइक उठाते ही बाजार में कौतूहल का माहौल बन गया। लोग अपनी दुकानों से बाहर निकल आए और राहगीर अपनी गाड़ियां रोककर इस हैरतअंगेज नजारे को देखने लगे।

पिलखुआ कोतवा ली पुलिस को जब यह वीडियो मिला, तो उन्होंने तुरंत इसका संज्ञान लिया। पिलखुआ थाना प्रभारी निरीक्षक अतुल चौहान ने बताया कि वायरल वीडियो अधिकारियों के संज्ञान में आ चुका है और मामले की गहनता से जांच कराई जा रही है।