स्पेन फुटबॉल वर्ल्डकप के सेमीफाइनल में, बेल्जियम पर भारी पड़ी गोलकीपर लामेन्स की गलती

स्पेन फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंच गई है। उसने शुक्रवार रात दूसरे दूसरा क्वार्टर फाइनल में बेल्जियम को 2-1 से हराया। अब उसका सामना फ्रांस से होगा। यह मैच 14 जुलाई की रात 12:30 बजे खेला जाएगा। लॉस एंजिल्स स्टेडियम में स्पेन और बेल्जियम का मुकाबला 87 मिनट तक 1-1 से बराबरी पर था। 88वें मिनट में सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी मिकेल मेरिनो ने विजयी गोल दागा। स्पेन के पाउ क्यूबार्सी की किक बेल्जियम के रिजर्व गोलकीपर सेने लामेन्स के हाथ से छूट गई। मेरिनो ने रिबाउंड पर गोल कर दिया।

स्पेन की टीम वर्ल्ड कप इतिहास में तीसरी बार सेमीफाइनल में पहुंची है। उसने पिछली बार 2010 में इस दौर में जगह बनाई थी। उस एडीशन में स्पेन ने नीदरलैंड को 1-0 से हराकर पहला खिताब जीता था।

आज रात 2:30 बजे से नार्वे-इंग्लैंड और कल सुबह 6:30 बजे से अर्जेंटीना-स्विटजरलैंड के बीच क्वार्टर फाइनल मैच खेले जाएंगे। इन मैचों से दूसरे सेमीफाइनल की टीमें तय होंगी।

मैच में खास

चार्ल्स डी केटेलेरे ने स्पेन के गोलकीपर उनाई सिमोन के लगातार 650 मिनट तक गोल नहीं खाने का सिलसिला तोड़ दिया। सिमोन ने सबसे ज्यादा समय तक गोल नहीं खाने का रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने इटली के दिग्गज गोलकीपर वाल्टर जेंगा का 517 मिनट का रिकॉर्ड तोड़ा था।
स्पेन लगातार 36 इंटरनेशनल मैच से अजेय है। टीम को पिछली हार 2023 में कोलंबिया से मिली थी। उसने 2019-22 के बीच अर्जेंटीना के लगातार 36 मैच अजेय रहने के रिकॉर्ड की बराबरी की है। वह इटली के लगातार 37 जीत के रिकॉर्ड से एक जीत पीछे है।

मेरिनो ने लगातार दूसरे मैच में निर्णायक गोल किया

मिकेल मेरिनो लगातार दूसरे नॉकआउट मैच में स्पेन के मैच विनर साबित हुए। उन्होंने प्री-क्वार्टर फाइनल में पुर्तगाल के खिलाफ इंजरी टाइम में विजयी गोल किया था।
बेल्जियम के खिलाफ 86वें मिनट में मैदान पर उतरने के दो मिनट बाद ही उन्होंने निर्णायक गोल दाग दिया। वह टीम के सबसे भरोसेमंद इम्पैक्ट खिलाड़ी साबित हुए हैं।
जनवरी 2026 में मैनचेस्टर यूनाइटेड के खिलाफ मैच के दौरान मेरिनो के दाएं पैर में स्ट्रेस फ्रैक्चर हो गया था। चोट गंभीर थी और उन्हें सर्जरी करानी पड़ी। करीब चार महीने के रिहैबिलिटेशन के बाद उन्होंने वर्ल्ड कप टीम में वापसी की।