बीजेपी MLA पुरंदर को युवक ने दी गालियां, पार्षद की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज की FIR

रायपुर में बीजेपी विधायक पुरंदर मिश्रा के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर पुलिस ने कार्रवाई की गई है। फेसबुक पोस्ट पर विधायक को लेकर अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप में एक युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामला सामने आने के बाद भाजपा पार्षद महेश ध्रुव ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। यह पूरा मामला रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार, पार्षद महेश कुमार ध्रुव ने शिकायत में बताया कि, 10 जुलाई को फेसबुक पर ललित टांडी ललित नाम के अकाउंट से रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरंदर मिश्रा को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि, सोशल मीडिया पर की गई इस टिप्पणी से विधायक की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने और समाज में उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया गया। पार्षद ने पुलिस से संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

तेलीबांधा पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और 353(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। सोशल मीडिया पोस्ट, अकाउंट और अन्य संबंधित तथ्यों की पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।