बिलासपुर में निगम सब इंजीनियर ने किया सुसाइड, सरकारी आवास में लगाई फांसी

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नगर निगम के सब इंजीनियर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका शव निगम कॉलोनी स्थित सरकारी आवास में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से पुलिस को सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उन्होंने खुद के मानसिक रूप से परेशान होने का जिक्र किया है। हालांकि, नोट में आत्महत्या की वजह का स्पष्ट जिक्र नहीं किया गया है। यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

TI किशोर केंवट ने बताया कि अमर सिंह चौहान नगर निगम के जोन-4 में सब इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। बुधवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला। संदेह होने पर रिश्तेदार और आसपास के लोगों ने दरवाजा खोला तो उनका शव फंदे से लटका मिला।

घटनास्थल से पुलिस ने एक सुसाइड नोट बरामद किया है। शुरुआती जांच में उसमें केवल खुद के परेशान होने का जिक्र मिला है। आत्महत्या की स्पष्ट वजह का जिक्र नहीं है। पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर उसकी लिखावट और अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात भी सामने आई है कि फांसी लगाने से पहले अमर सिंह चौहान ने अपनी कलाई काटी थी। इस पहलू की भी जांच की जा रही है।

अमर सिंह चौहान का हाल ही में जगदलपुर तबादला हुआ था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं स्थानांतरण, व्यक्तिगत या पारिवारिक कारण उनकी मानसिक परेशानी की वजह तो नहीं थे। फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

टीआई किशोर केंवट ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सुसाइड नोट की जांच, रिश्तेदारों और परिचितों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।