इंग्लैंड के खिलाफ भारत लगातार चौथी वनडे सीरीज जीतने उतरेगा, दूसरा मुकाबला आज

भारत के पास इंग्लैंड के खिलाफ लगातार चौथी वनडे सीरीज जीतने का मौका है। टीम इंडिया ने 2021 में घर पर 2-1, 2022 में इंग्लैंड में 2-1 और 2025 में भारत में 3-0 से सीरीज अपने नाम की थी। तीन मैचों की इस सीरीज में पहला वनडे 6 विकेट से जीतकर टीम 1-0 की बढ़त बना चुकी है। कार्डिफ में भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। मैच शाम 5:30 बजे शुरू होगा। इस मैदान में टीम इंडिया पिछले 15 साल से वनडे नहीं हारी है। भारत को यहां आखिरी हार 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ मिली थी। इसके बाद उसने 2013 चैंपियंस ट्रॉफी में साउथ अफ्रीका और श्रीलंका को हराया, जबकि 2014 में इंग्लैंड को 133 रन से मात दी थी।

दोनों टीमों के बीच 111 मुकाबले खेले गए हैं। भारत ने 62 जीते हैं। इंग्लैंड को 44 में जीत मिली है। 2 मुकाबले टाई और 3 बेनतीजा रहे। भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पिछले 6 मुकाबले जीते हैं। कार्डिफ में इंग्लैंड का रिकॉर्ड बेहतर रहा है। टीम ने 14 में से 10 मुकाबले जीते हैं।

शुभमन गिल इस साल भारत के लिए सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 7 मैचों में 113.25 की औसत से 453 रन बनाए हैं। पहले वनडे में भी गिल ने कप्तानी पारी खेलते हुए 75 गेंदों पर 80 रन बनाए। काफ में खिंचाव के कारण वह रिटायर्ड हर्ट हुए, लेकिन दूसरे वनडे में उनके खेलने की उम्मीद है।
अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर ने पहले वनडे में नाबाद अर्धशतक लगाकर भारत को जीत दिलाई। अक्षर ने 4 विकेट भी लिए थे। प्रसिद्ध कृष्णा इस साल भारत के सबसे सफल वनडे गेंदबाज हैं। उन्होंने 5 मैचों में 10 विकेट लिए हैं।
जसप्रीत बुमराह ने वनडे वर्ल्ड कप फाइनल के बाद वापसी करते हुए पहले ही मुकाबले में इंग्लैंड के बल्लेबाजों पर दबाव बनाया। उनके शुरुआती स्पेल का फायदा प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बरार ने उठाया। बुमराह ने इंग्लिश कैप्टन हैरी ब्रूक का विकेट लिया था।

जो रूट इस साल इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 4 मैचों में 323 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में लेग स्पिनर आदिल राशिद सबसे सफल रहे हैं। उन्होंने 4 मैचों में 7 विकेट लिए हैं।
पहले वनडे में इंग्लैंड ने बिना विकेट खोए 61 रन बना लिए थे, लेकिन इसके बाद सिर्फ 27 गेंद में 5 विकेट गंवाकर 80/5 पर पहुंच गया। जो रूट (नाबाद 76) और लियाम डॉसन (68) ने 121 रन की साझेदारी कर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन टीम 258 रन ही बना सकी।