रानी मुखर्जी को मिलेगा प्रतिष्ठित मानद डॉक्टरेट सम्मान, आईएफएफएम 2026 में होंगी सम्मानित

बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री रानी मुखर्जी के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। भारतीय सिनेमा में रानी के शानदार योगदान और सामाजिक कार्यों के लिए उन्हें मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया जाएगा। ऑस्ट्रेलिया की ला ट्रोब यूनिवर्सिटी उन्हें ‘डॉक्टर ऑफ लेटर्स’ की मानद डिग्री देगी। यह सम्मान रानी को 14 अगस्त 2026 को मेलबर्न (ऑस्ट्रेलिया) के फेडरेशन स्क्वायर में एक खास समारोह के दौरान दिया जाएगा। यह समारोह इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न 2026 का हिस्सा होगा, जो 13 से 23 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।

रानी मुखर्जी को यह सम्मान दो मुख्य वजहों से दिया जा रहा है। रानी को यह सम्मान सिनेमा में तीन दशकों का सफर तय करने के लिए और सामाजिक कार्य के लिए दिया जाएगा। रानी ने ‘ब्लैक’, ‘हिचकी’, ‘मर्दानी’ और ‘मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे’ जैसी बेहतरीन फिल्मों में काम किया है। इन फिल्मों के जरिए उन्होंने महिलाओं के अधिकारों, मानसिक और सामाजिक बदलाव जैसे जरूरी मुद्दों को उठाया है। फिल्मों के अलावा, वे बच्चों की सेहत, पढ़ाई और गरीब व कमजोर वर्गों की मदद के लिए हमेशा आगे रही हैं।

इस सम्मान पर खुशी जताते हुए रानी मुखर्जी ने कहा, ‘ला ट्रोब यूनिवर्सिटी से यह सम्मान पाना मेरे लिए बहुत गर्व की बात है। सिनेमा मेरे जीवन का सबसे बड़ा गुरु रहा है और मुझे हमेशा से ऐसी कहानियों का हिस्सा बनने का मौका मिला, जो हिम्मत और बदलाव की बात करती हैं।’

रानी ने आगे कहा, ‘मैं इस खास सम्मान को अपनी मातृभूमि भारत और दुनिया भर के अपने उन फैंस को समर्पित करती हूं, जिनके प्यार ने मुझे यहां तक पहुंचाया है।’