1000 रुपए खोने पर छात्राओं के कपड़े उतरवाकर टीचर ने ली तलाशी! शिक्षिका निलंबित
जयपुर : जिले की बामनवास तहसील के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लिवाली में विद्यालय की शिक्षिका पर गंभीर आरोप लगे हैं. राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लिवाली की शिक्षिका सरस्वती मीना पर स्कूल की छात्राओं ने आरोप लगाया कि 1000 रुपए खो जाने के बाद गलत तरीके से कपड़े उतरवाकर उनकी जांच की गई, जिसके कारण उनको मानसिक प्रताड़ना और बेइज्जती महसूस हुई है. मामले की जानकारी के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने स्कूल के बाहर हंगामा कर दिया. ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में शिक्षिका ने जिस प्रकार छात्राओं की जांच की है, वह गलत है. इस मामले में आरोपी शिक्षिका को निलंबित कर दिया गया है.
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि यह गंभीर मामला है और इस तरह छात्राओं की तलाशी लेना गलत है. हमने मामले को गंभीरता से लिया और शिक्षिका को निलंबित कर दिया है. मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे और सख्त कार्रवाई की जाएगी. विद्यार्थियों की गरिमा और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. शिक्षा विभाग में ऐसी किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, जिससे शिक्षक समुदाय और पूरे विभाग की छवि धूमिल हो. विभाग भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पूरी तरह सतर्क है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.
संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा भरतपुर दलवीर सिंह की ओर से तथ्यात्मक रिपोर्ट और शिकायत को देखते हुए शिक्षिका सरस्वती मीना के खिलाफ जांच शुरू की गई है, जिसमें उसे दोषी पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है. निलंबन काल के दौरान शिक्षिका का मुख्यालय सीबीईओ कार्यालय राजाखेड़ा धौलपुर रहेगा. वहीं, व्यावसायिक शिक्षा प्रशिक्षक वंदना शर्मा को भी सेवा प्रदाता कंपनी के लिए कार्यमुक्त किया गया है.
मामले को लेकर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लिवाली के प्रिंसिपल मनोज मीणा का कहना है कि यह घटना दो-तीन दिन पहले की हौ. अभिभावकों की ओर से उन्हें शिकायत की गई थी कि स्कूल की शिक्षिका सरस्वती मीना ने छात्राओं के वस्त्र उतरवाकर जांच की है. इसके बाद प्रिंसिपल मनोज मीणा ने शिक्षिका सरस्वती मीना से इसकी जानकारी ली, लेकिन उन्होंने मना कर दिया था. शिक्षिका ने बताया कि छात्राओं ने स्वयं वस्त्र उतार कर ही तलाशी लेने की बात कही थी.
मामले को लेकर सीबीओ प्रतिभा मीणा का कहना है कि उनके संज्ञान में यह मामला आया है. जानकारी के बाद वह स्कूल पहुंची और उच्च अधिकारियों को भी अवगत करवाया. मौके पर छात्राओं से बात करने के बाद उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया गया. स्कूल की शिक्षिका को दोषी पाए जाने के बाद उच्च अधिकारियों के निर्देश के अनुसार उसको निलंबित किया गया है. इसके अलावा पीओ की कार्रवाई के लिए लिखा गया है. अगर इसमें किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती हे तो विभागीय अनुसार कार्रवाई की जाएगी.
