Share Market : शेयर बाजार में उछाल; सेंसेक्स 400 अंक चढ़ा तो निफ्टी 24150 के पार
शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में भारतीय शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी उछाल के साथ खुले, जिससे निवेशकों में उत्साह का माहौल रहा। आईटी कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त खरीदारी ने बाजार को गति दी। टेक महिंद्रा के जून तिमाही के मजबूत वित्तीय परिणामों ने इस तेजी को और बल दिया। पिछले कारोबार में सुस्त शुरुआत के बाद बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 480.95 अंक उछलकर 77,656.56 पर पहुंच गया। एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी भी 125.05 अंक चढ़कर 24,201 पर कारोबार कर रहा था। सेंसेक्स पैक में टेक महिंद्रा के शेयर में 3 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। कंपनी ने जून तिमाही में 1,465 करोड़ रुपये का समेकित शुद्ध लाभ दर्ज किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 28.4 फीसदी अधिक है।
