42 साल का आदमी, 18 साल की लड़की और लिव-इन रिलेशनशिप.. फिर बेटे के साथ मिलकर कर दिया कांड

यूपी के फतेहपुर में 18 साल की लड़की 42 साल के आदमी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगी. उस आदमी की पत्नी की मौत हो चुकी थी, उसका बेटे साथ रहता है. अब लड़की के परिजनों ने पुलिस को जो कुछ बताया है, वो चौंका देने वाला है. लड़की की हत्या कर दी गई है, हत्या का आरोपी उसी लिव-इन पार्टनर पर लगा है. आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए गुमशुदगी की कहानी भी रची. करीब एक महीने बाद लड़की की शिनाख्त होने के बाद जांच हुई, तब ये कहानी सामने आई है.

मामला जिले के थरियांव थाना क्षेत्र के औरेई गांव से जुड़ा है. पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान 18 साल की पुष्पा देवी के रूप में हुई है. इस गांव में रहने वाले 42 साल के गंगासागर की पत्नी की मौत हो गई थी. इसके बाद गंगासागर का संपर्क गांव की पुष्पा से हो गया था. आरोप है कि गंगासागर ने उसे प्रेम जाल में फंसाया और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं.

इसके बाद दोनों ने साथ रहने का फैसला कर लिया. ये भी सामने आ रहा है कि दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली थी. दोनों नवंबर महीने से राधानगर थाना इलाके में किराए के कमरे में साथ रहने लगे थे. लड़की के परिजनों का कहना है कि वह करीब एक साल से गंगासागर के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी. बीते कुछ समय से लड़की का घरवालों से संपर्क नहीं हो पा रहा था.

परिजनों को जब बेटी की कोई जानकारी नहीं मिली तो उन्हें अनहोनी की आशंका हुई. उसके पिता महावीर लोधी ने थाना राधानगर पहुंचकर पुलिस से शिकायत की. पिता ने पुलिस को एप्लिकेशन देकर बताया कि उनकी बालिग बेटी बीते करीब एक साल से गंगासागर नाम के व्यक्ति के साथ घर से जाकर रह रही थी. काफी समय से बेटी से संपर्क नहीं हो पा रहा है. उन्हें आशंका है कि गंगासागर ने बेटी की हत्या कर शव कहीं छिपा दिया है.

शिकायत मिलते ही राधानगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी. जांच के दौरान पुलिस ने गंगासागर से कड़ाई से पूछताछ की. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में मुख्य आरोपी ने लड़की की हत्या करने की बात कबूल कर ली. आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने लड़की की हत्या करने के बाद शव को तीन दिन तक घर में छिपाकर रखा था.

इसके बाद अपने तीन अन्य साथियों की मदद से शव को ट्रैक्टर पर लादकर रेलवे ट्रैक तक ले गया और वहां छोड़ दिया. आरोपियों का मकसद हत्या की वारदात को दुर्घटना या आत्महत्या का रूप देना था, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके और हत्या का राज सामने न आ सके.

29 जून को रेलवे ट्रैक पर एक लड़की का शव बरामद हुआ था. शव की शिनाख्त नहीं हो पाने की वजह से पुलिस ने लावारिस मानकर अंतिम संस्कार करवा दिया था. इसके बाद पुलिस मृतका की पहचान कराने की कोशिश में जुटी रही. इसी दौरान जब लड़की के गांव में उसकी हत्या की चर्चा होने लगी तो उसके पिता को शक हुआ कि रेलवे ट्रैक पर मिला शव उनकी बेटी पुष्पा देवी का हो सकता है.

इसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क कर बेटी की हत्या की आशंका जताई. पुलिस ने मामले की जांच को आगे बढ़ाया और मुख्य आरोपी से पूछताछ की. पूछताछ में सामने आई जानकारी के आधार पर पुलिस ने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा कर दिया. इस मामले में मुख्य आरोपी गंगासागर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर कार्रवाई शुरू कर दी है.

इसी के साथ घटना में इस्तेमाल किए गए ट्रैक्टर और एक बाइक को भी बरामद कर लिया है. वहीं, शव को ठिकाने लगाने में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है. उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है. पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि लड़की के पिता की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी. जांच और पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी ने हत्या की वारदात स्वीकार की. पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. घटना में इस्तेमाल ट्रैक्टर और बाइक बरामद कर ली गई है. फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है.