रेलवे स्टेशन में मगरमच्छ की एंट्री… नजर पड़ी तो पैसेंजर भागने लगे Video
रेलवे स्टेशन पर लोग ट्रेन का इंतजार कर रहे थे. तभी कुछ दूरी पर किसी ने कहा- अरे… मगरमच्छ! लोगों की नजरें रेलवे ट्रैक की तरफ घूम गईं. वहां करीब 5 फीट लंबा मगरमच्छ आराम से टहलता हुआ दिखाई दिया. कुछ लोग डरकर पीछे हट गए, तो कुछ ने तुरंत मोबाइल निकाल लिया और वीडियो बना लिया. देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा.
यह मामला राजस्थान के कोटा के सोगरिया रेलवे स्टेशन का है, जहां लगातार हो रही बारिश के बीच एक मगरमच्छ स्टेशन परिसर तक पहुंच गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्टेशन के पास बने नाले से मगरमच्छ बाहर निकला और सड़क पर होते हुए रेलवे ट्रैक के आसपास घूमने लगा. कुछ देर तक वह स्टेशन परिसर में बेफिक्र अंदाज में घूमता रहा. इस दौरान यात्रियों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई.
सूचना मिलने पर रेस्क्यू की तैयारी भी हुई, लेकिन इससे पहले कि टीम उसे पकड़ पाती, मगरमच्छ खुद ही वापस नाले की तरफ लौट गया. स्टेशन के आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि यह मगरमच्छ पिछले दो-तीन दिनों से इलाके में दिखाई दे रहा है.
कभी ट्रैक के पास, कभी प्लेटफॉर्म के आसपास और कभी स्टेशन रोड पर पहुंच जाता है. लगातार बारिश की वजह से नालों और तालाबों का जलस्तर बढ़ गया है. ऐसे में वन्य जीव अपने प्राकृतिक ठिकानों से निकलकर आबादी वाले इलाकों तक पहुंच रहे हैं.
राजस्थान के कोटा में लगातार हो रही बारिश के बीच सोगरिया रेलवे स्टेशन पर मगरमच्छ दिखाई देने से यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। pic.twitter.com/ov2cox5bZ2
— SaHiL MeeNa BSP (@sahil_meena_bsp) July 24, 2026
कोटा में इन दिनों सिर्फ मगरमच्छ ही नहीं, बल्कि दूसरे वन्य जीव भी लोगों की चिंता बढ़ा रहे हैं. हाल के दिनों में शहर के अलग-अलग हिस्सों से ब्लैक कोबरा, अजगर, सांप और बिच्छू निकलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. यानी बारिश के मौसम में कोटा के लोगों को सिर्फ जलभराव से नहीं, बल्कि जंगली जीवों से भी सावधान रहना पड़ रहा है.
वन विभाग ने लोगों से साफ कहा है कि अगर मगरमच्छ या कोई दूसरा वन्य जीव दिखाई दे तो उसके पास जाने, वीडियो बनाने के लिए करीब पहुंचने या उसे भगाने की कोशिश न करें. सबसे पहले सुरक्षित दूरी बनाएं और तुरंत वन विभाग या प्रशासन को सूचना दें, ताकि रेस्क्यू किया जा सके. फिलहाल, कोटा के सोगरिया रेलवे स्टेशन का यह वीडियो लोगों को चौंका जरूर रहा है, लेकिन साथ ही यह याद भी दिला रहा है कि मानसून सिर्फ राहत नहीं, नई चुनौतियां भी लेकर आता है.
