CG : अगले 48 घंटे भारी बारिश की चेतावनी, बंगाल के डीप डिप्रेशन से बदलेगा मौसम
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने गहरे डिप्रेशन की वजह से छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. मौसम विभाग (IMD) ने अगले 48 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है. सारंगढ़-बिलाईगढ़, रायगढ़, सक्ती, जांजगीर, बलौदा बाजार और महासमुंद जैसे जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि रायपुर, दुर्ग, कोरबा और सरगुजा समेत कई अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार से रायपुर और दूसरे जिलों में बारिश का दौर काफी कम हो गया है, जिससे रायपुर सहित कई जगहों में उमस बढ़ गई है. विभाग के अनुसार, उमस में यह बढ़ोतरी पिछले तीन-चार दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि के कारण हुई है. हालांकि अगले 48 घंटों में मौसम के हालात फिर से बदलने की उम्मीद है. कई जिलों में बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान गिरेगा और उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी.
मौसम विभाग ने अगले चार दिनों में राज्य के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान लगाया है, साथ ही एक-दो जगहों पर भारी बारिश की भी संभावना है. भारी बारिश की संभावना को देखते हुए अगले 24 से 48 घंटों के लिए एक बार फिर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है. सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, रायगढ़ और जांजगीर जिलों के कुछ इलाकों में भारी बारिश की उम्मीद है.
इसके अलावा सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बिलासपुर, मुंगेली, कोरबा, रायपुर, गरियाबंद, धमतरी, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मानपुर-मोहला-अंबागढ़ चौकी जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है. इन जिलों में येलो अलर्ट जारी है.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 28 जुलाई को रायपुर और बिलासपुर डिवीजन में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है. अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम तापमान 24°C रहने का अनुमान है. आंकड़ों से पता चलता है कि राज्य में अब तक औसत से 21% कम बारिश हुई है. प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की है.
