UP: सरकारी स्कूल में बच्चों की मारपीट के बाद 12 साल के छात्र की मौत

उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले में एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में बच्चों के बीच हुई मारपीट के बाद 12 वर्षीय छात्र की मौत का मामला सामने आया है. छात्र की इलाज के दौरान मौत होने के बाद गुस्साए परिजन और ग्रामीण उसका शव लेकर स्कूल पहुंच गए और जमकर हंगामा किया. परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और काफी देर तक समझाने के बाद स्थिति को नियंत्रित किया. वहीं बेसिक शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्यालय के हेडमास्टर समेत पूरे स्टाफ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. मामले में विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है.

यह मामला चरवा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर सुधवर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय का है. गांव निवासी बीरू राठौर का 12 वर्षीय बेटा विभान इसी विद्यालय में कक्षा पांच का छात्र था. परिजनों के अनुसार बीते शुक्रवार को स्कूल में पढ़ने वाले कुछ बच्चों के बीच मारपीट हुई थी. इसी दौरान विभान भी गंभीर रूप से घायल हो गया था. आरोप है कि घटना के बाद स्कूल की तरफ से परिजनों को इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई.

परिजनों का कहना है कि जब विभान घर पहुंचा तो उसकी तबीयत लगातार बिगड़ने लगी. उसके गले से खाना और पानी तक नहीं उतर रहा था. तब परिवार के लोगों ने उससे कारण पूछा. इस पर उसने स्कूल में बच्चों के बीच हुई मारपीट की जानकारी दी. बेटे की हालत गंभीर देखकर परिजन उसे इलाज के लिए प्रयागराज के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां कई दिनों तक उसका इलाज चला. लेकिन बुधवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

मासूम की मौत की खबर गांव में फैलते ही परिवार और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया. गुस्साए परिजन छात्र का शव लेकर सीधे प्राथमिक विद्यालय पहुंच गए और स्कूल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया. परिजनों का आरोप था कि अगर स्कूल प्रशासन समय रहते घटना की जानकारी देता और जिम्मेदारी निभाता तो शायद बच्चे की जान बचाई जा सकती थी. हंगामे की सूचना मिलते ही स्कूल में अफरा-तफरी मच गई. शिक्षक और बच्चे वहां से हट गए.

घटना की जानकारी मिलने पर एडिशनल एसपी अमिता सिंह, सीओ शिवांक सिंह और चरवा थाना पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने काफी देर तक परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत की और उन्हें शांत कराने का प्रयास किया. काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन माने. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई शुरू की.

मामले की गंभीरता को देखते हुए उप जिलाधिकारी चायल प्रेरणा गौतम, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कमलेंद्र कुशवाहा और एबीएसए हिना सिद्दीकी भी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने विद्यालय पहुंचकर पूरे मामले की जांच की. शुरुआती जांच के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय के हेडमास्टर समेत सभी शिक्षकों और कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया. साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई है.

एडिशनल एसपी अमिता सिंह ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय पहाड़पुर सुधवर में कक्षा पांच के करीब 12 वर्षीय छात्र की शुक्रवार को अन्य बच्चों के साथ लड़ाई हुई थी. लड़ाई के बाद छात्र की तबीयत खराब हो गई थी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. उन्होंने कहा कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. वहीं बेसिक शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय के हेडमास्टर और सभी शिक्षकों को निलंबित कर दिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.