स्टेशन से मंदिर ले जाने का झांसा, फिर जंगल में महिला के साथ हुई हैवानियत!

कटनी पुलिस ने एक महीने पुराने सामूहिक दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला उस महिला यात्री से जुड़ा है, जो कटनी के मुड़वारा स्टेशन पर ट्रेन छूटने के बाद दरिंदगी का शिकार हुई थी। पुलिस ने करीब 900 ऑटो चालकों की जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी को दबोच लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, पूरी घटना 14 जून 2026 की है। दिल्ली से अपने बच्चों के साथ हीराकुंड एक्सप्रेस से छत्तीसगढ़ जा रही मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला मुड़वारा रेलवे स्टेशन पर पानी लेने उतरी थी। इसी दौरान ट्रेन छूट गई। आरोप है कि स्टेशन के बाहर एक युवक ने मंदिर दर्शन कराने का झांसा देकर महिला को ई-रिक्शा में बैठाया और रीठी रोड स्थित पाँसरा स्टेशन के पास जंगल में ले जाकर अपने एक साथी के साथ मिलकर सामूहिक दुष्कर्म किया।

अगले दिन डायल-112 की सूचना पर रीठी पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला सड़क किनारे बदहवास हालत में मिली। उस समय महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह घटना के बारे में कुछ भी नहीं बता सकी। परिजनों को सूचना देकर महिला को दिल्ली ले जाया गया, जहां इलाज के बाद मानसिक स्थिति सामान्य होने पर उसने अपने भाई को पूरी घटना बताई। इसके बाद दिल्ली के सफदरजंग थाना में मामला दर्ज हुआ और केस डायरी जांच के लिए कटनी भेजी गई।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने करीब एक महीने पुराने इस ब्लाइंड केस की जांच शुरू की।पुलिस ने जिले के लगभग 800 से 900 ऑटो चालकों की स्क्रीनिंग की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रीठी क्षेत्र के जमुनिया निवासी ऑटो चालक दिनेश चौधरी को मुख्य आरोपी के रूप में चिन्हित किया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ऑटो भी जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया।फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है।इस मामले में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।