IND vs SL: श्रीलंका दौरे से पहले भारत को झटका, बुमराह टेस्ट सीरीज से बाहर
भारत को श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले बड़ा झटका लगता दिख रहा है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं और इसी वजह से उनका इस दौरे का हिस्सा नहीं होना तय है। बीसीसीआई सूत्रों के मुताबिक, बुमराह अभी भी ‘इम्पैक्ट इंजरी’ से रिकवरी कर रहे हैं और मेडिकल टीम उन्हें जल्दबाजी में मैदान पर उतारने के पक्ष में नहीं है।
हालांकि, ये चौंकाने वाली खबर है क्योंकि, दो दिन पहले यानी 31 जुलाई को न्यूज एजेंसी पीटीआई ने रिपोर्ट दी थी कि बुमराह ने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है और वह श्रीलंका में खेलने के लिए तैयार हैं। अब इस रिपोर्ट ने भारतीय फैंस को काफी निराश किया है। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के फाइनल में पहुंचने के लिए भारत को हर हाल में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज जीतनी जरूरी है।
सूत्रों के मुताबिक, बुमराह के घुटने की सूजन शुरुआती अनुमान से अधिक गंभीर है। वह फिलहाल बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में मेडिकल टीम की निगरानी में हैं। हालांकि उम्मीद थी कि वह दो सप्ताह के भीतर फिट होकर वापसी कर लेंगे, लेकिन अभी भी उन्हें घुटने में असहजता महसूस हो रही है।
बीसीसीआई की स्पोर्ट्स साइंस टीम बुमराह की वापसी को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहती। आगामी महीनों में भारतीय टीम का व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम है, ऐसे में मेडिकल टीम किसी भी तरह का जोखिम लेने के पक्ष में नहीं है। अगर बुमराह पहले टेस्ट से पहले फिट भी हो जाते हैं, तब भी उन्हें टेस्ट क्रिकेट में उतारने पर अंतिम फैसला उनकी कार्यक्षमता और फिटनेस को ध्यान में रखकर लिया जाएगा।
श्रीलंका के सपाट विकेटों पर लंबे स्पेल फेंकने पड़ सकते हैं, जिससे बुमराह के कार्यभार में काफी बढ़ोतरी होगी। इसी कारण मेडिकल टीम फिलहाल उन्हें आराम देने के पक्ष में दिखाई दे रही है। बुमराह की गैरमौजूदगी भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है। नई गेंद से विकेट लेने और लंबे स्पैल में विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाने की उनकी क्षमता टीम के लिए बेहद अहम रहती है। श्रीलंका की परिस्थितियों में भी उनका अनुभव भारत के काफी काम आ सकता था। अब चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन को उनकी जगह किसी दूसरे तेज गेंदबाज पर भरोसा करना होगा। इससे युवा गेंदबाजों के लिए खुद को साबित करने का मौका भी मिलेगा।
