गैस उपभोक्ताओं के लिए अलर्ट: 18 अगस्त तक करा लें e-KYC, वरना बंद हो सकती है सब्सिडी

घरेलू एलपीजी गैस उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। जिन उपभोक्ताओं ने अब तक अपने गैस कनेक्शन का ई-केवाईसी नहीं कराया है, उन्हें 18 अगस्त तक यह प्रक्रिया हर हाल में पूरी करने की सलाह दी गई है। निर्धारित समय सीमा तक केवाईसी नहीं कराने पर उपभोक्ताओं को एलपीजी सब्सिडी मिलने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। गैस एजेंसियों के अनुसार, सरकार द्वारा गैस उपभोक्ताओं का सत्यापन कराया जा रहा है, ताकि वास्तविक लाभार्थियों को ही सब्सिडी का लाभ मिल सके।

ऐसे में सभी उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे समय रहते अपना ई-केवाईसी पूरा करा लें। जिन उपभोक्ताओं के पास समय है, वे अपने संबंधित इंडियन ऑयल गैस वितरक या गैस एजेंसी पर जाकर आधार कार्ड और पंजीकृत मोबाइल नंबर के माध्यम से ई-केवाईसी करवा सकते हैं।

वहीं, जो लोग नौकरी, पढ़ाई या अन्य कारणों से अपने गृह जिले या शहर से बाहर हैं, उन्हें भी चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। वे अपने मोबाइल फोन से ही घर बैठे ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके लिए उपभोक्ताओं को अपने स्मार्टफोन में इंडियन ऑयल वन ऐप डाउनलोड करना होगा।

ऐप में पंजीकृत मोबाइल नंबर से लॉगिन करने के बाद ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करना होगा। इसके बाद फेस ऑथेंटिकेशन चेहरे का सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर ई-केवाईसी सफलतापूर्वक की जा सकती है। पूरी प्रक्रिया कुछ ही मिनटों में पूरी हो जाती है।

गैस वितरकों ने यह भी कहा है कि यदि किसी उपभोक्ता को ई-केवाईसी कराने में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या आती है तो वह अपने नजदीकी गैस एजेंसी से संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकता है। एजेंसी के कर्मचारी आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग करेंगे।