उत्तराखंड में 6 नदियां उफान पर, बद्रीनाथ-गंगोत्री-यमुनोत्री हाईवे बंद, यूपी में 30 गांवों में बाढ़
उत्तराखंड में लगातार बारिश से अलकनंदा, मंदाकिनी, भागीरथी समेत छह नदियां खतरे के स्तर पर बह रही हैं। हरिद्वार-ऋषिकेश में घाट और मंदिर डूब गए हैं। देहरादून, चमोली, बागेश्वर में स्कूल बंद हैं। राज्य की 132 सड़कें और बद्रीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री नेशनल हाईवे बंद किए गए हैं। उत्तर प्रदेश में भी लगातार बारिश से नदियां उफान पर हैं। फर्रुखाबाद में गंगा खतरे के निशान के करीब पहुंच गई। 33 गांवों और 40 सरकारी स्कूलों में बाढ़ का पानी घुस गया। बलिया में एक हफ्ते में 27 घर सरयू नदी में समा चुके हैं।
दिल्ली-NCR में गुरुवार को तेज बारिश हुई। जलभराव के कारण दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे पर समेत कई सड़कों पर जाम लग गया। द्वारका सेक्टर-25 में तेज बारिश के दौरान एक युवक खुले नाले में गिरकर तेज बहाव में बह गया। 7 घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला।
