Share Market : बाजार में गिरावट जारी; सेंसेक्स 300 से अधिक अंक टूटा, निफ्टी 24300 के नीचे

सोमवार को शुरुआती कारोबार में भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट दर्ज की गई। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव बाजार पर हावी रहे। निवेशकों की सतर्कता के बीच बाजार में कमजोरी देखी गई। तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 284.85 अंक गिरकर 77,717.05 पर आ गया। पचास शेयरों वाला एनएसई निफ्टी भी 69.25 अंक फिसलकर 24,297.05 पर पहुंच गया। शुरुआती कारोबार में रुपया डॉलर के मुकाबले 10 पैसे गिरकर 95.52 पर आ गया।

सेंसेक्स में शामिल प्रमुख शेयरों में इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, हिंदुस्तान यूनिलीवर और भारतीय स्टेट बैंक सबसे बड़े नुकसान में रहे। हालांकि, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और टाइटन के शेयरों में वृद्धि देखी गई। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.43 फीसदी बढ़कर 88.86 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।