गोविंदा से अनबन के बीच फैमिली कोर्ट पहुंचीं सुनीता, बेटे यशवर्धन पैपराजी से बचाते दिखे

गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा और उनके बेटे यशवर्धन आहूजा को मुंबई में बुधवार को फैमिली कोर्ट में देखा गया। दोनों की कोर्ट में मौजूदगी ने लोगों का ध्यान खींचा। हालांकि, उनके वहां पहुंचने की वजह से जुड़ी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

कोर्ट के बाहर का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें पैपराजी ने सुनीता और उनके बेटे से सवाल किया कि कोर्ट में क्या हुआ?
जिस पर बेटे यशवर्धन आहूजा ने कहा, “कुछ नहीं हुआ। जाने दीजिए।” यश अपनी मां को कैमरों से बचाते हुए कार तक लेकर गए।

वहीं, कार में बैठने से पहले सुनीता ने इरिटेट होकर कहा, “बर्थडे मनाने गए थे” और इसके बाद वह कार में बैठकर चली गईं।

गौरतलब है कि सुनीता आहूजा ने दिसंबर 2024 में गोविंदा के खिलाफ बांद्रा फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, याचिका में उन्होंने गोविंदा पर क्रूरता, बेवफाई और परित्याग जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

गौरतलब है कि हाल ही में गोविंदा को उनकी अपकमिंग कमबैक फिल्म रूपा की को-एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकार के साथ स्पॉट किया गया। इस पर सुनीता ने कहा था, “गोविंदा अपनी बेटी की उम्र की लड़की को लेकर घूम रहे हैं और उन्हें इस बात पर थोड़ी शर्म आनी चाहिए।”

वहीं, पत्नी सुनीता के आपत्तिजनक बयानों पर गोविंदा भड़क गए थे। गोविंदा ने चेतावनी देकर कहा था कि उन्हें हद में रहना चाहिए। साथ ही एक्टर ने को-स्टार का बचाव भी किया और कहा कि सुनीता उन्हें बदनाम करने की कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं।