Hockey WorldCup : भारत ने पाकिस्तान को 5-3 से हराया

भारत ने मेंस हॉकी वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को 5-3 से हरा दिया। इसी के साथ टीम टॉप-8 में पहुंच गई है। वहीं पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर हो गया है। नीदरलैंड के वैगनर हॉकी स्टेडियम में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह और अभिषेक ने 2-2 गोल किए। हार्दिक सिंह ने एक गोल दागा। पाकिस्तान की ओर से हन्नान शाहीद ने 2 और सुफियान खान ने एक गोल किया।

हरमनप्रीत ने 5वें और 21वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर से गोल किए। जबकि अभिषेक ने 11वें और 24वें मिनट में फील्ड गोल दागे।
उपकप्तान हार्दिक सिंह ने 35वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक पर भारत के लिए पांचवां गोल किया। उन्हें आदित्य के खिलाफ पाकिस्तानी खिलाड़ी अरशद के स्टिक फाउल से मौका मिला।
पाकिस्तान की ओर से हन्नान शाहिद ने 22वें और 46वें मिनट में गोल किए। सुफियान खान ने 24वें मिनट में गोल दागा। इन गोल से पाकिस्तान ने भारत की बढ़त का अंतर कम किया।

भारत ने दूसरा मैच जीता
भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट में दूसरा मैच जीत लिया है। ग्रुप-D में टीम 3 मैचों में 6 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं पाकिस्तान बिना किसी जीत के एक अंक के साथ तीसरे नंबर पर रहा।

भारत के कप्तान हरमनप्रीत सिंह टूर्नामेंट के टॉप गोल स्कोरर बने। उनके अब 5 गोल हो गए हैं। वेल्स के गैरेथ फर्लोंग 4 गोल के साथ दूसरे स्थान पर हैं। अभिषेक टॉप-5 में शामिल भारत के दूसरे खिलाड़ी हैं।

भारत पिछले 10 साल से पाकिस्तान के खिलाफ अजेय है। इस दौरान हुए 20 मुकाबलों में भारत 18 मैच जीता है। 2 मुकाबले ड्रॉ रहे है। पाकिस्तान ने आखिरी बार साउथ एशियन गेम्स 2016 के फाइनल में भारत को 1-0 से हराया था।

यह पाकिस्तान के खिलाफ भारत की लगातार छठी जीत भी है। हॉकी वर्ल्ड कप में भी भारत आगे रहा है। टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ 6 मैच में 4 मुकाबले जीते हैं।