गेट बंद होने से पहले ही चल पड़ी लिफ्ट… फर्श और केबिन के बीच फंसी महिला, हुई दर्दनाक मौत

आंध्र प्रदेश के ओंगोल शहर में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसमें लिफ्ट में फंसने से 50 साल की महिला की मौत हो गई. यह घटना मार्केट सेंटर इलाके के साई सूर्या अपार्टमेंट में हुई. महिला का नाम विनीता बताया जा रहा है, जो इसी अपार्टमेंट में रहती थीं. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसकी फुटेज अब सामने आई है.

पुलिस के मुताबिक, विनीता लिफ्ट से बाहर निकलने की कोशिश कर रही थीं. उसी दौरान लिफ्ट के दरवाजे पूरी तरह बंद नहीं हुए थे कि लिफ्ट अचानक नीचे की ओर चलने लगी. इस वजह से विनीता फ्लोर और लिफ्ट के बीच बुरी तरह फंस गईं. इस हादसे को अपार्टमेंट में रहने वाले कुछ लोगों ने देख लिया. उन्होंने बिना देर किए विनीता को बचाने की कोशिश शुरू कर दी. काफी मशक्कत के बाद लोग उन्हें लिफ्ट से बाहर निकालने में कामयाब रहे. लेकिन तब तक विनीता को गंभीर चोटें आ चुकी थीं.

घायल विनीता को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया. डॉक्टरों की पूरी कोशिश के बावजूद उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई और आखिरकार उनकी मौत हो गई. विनीता की मौत से उनके परिवार में मातम छा गया है.

सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि दरवाजा पूरी तरह बंद होने से पहले ही लिफ्ट नीचे की ओर चल पड़ी थी. पुलिस अब इस हादसे की जांच में जुट गई है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह हादसा लिफ्ट में आई किसी तकनीकी खराबी की वजह से हुआ, या फिर लिफ्ट के रखरखाव में लापरवाही बरती गई. साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आखिर दरवाजे पूरी तरह बंद होने से पहले ही लिफ्ट क्यों चलने लगी.

इस हादसे के बाद अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों में डर और चिंता का माहौल है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि लिफ्ट के रखरखाव और सुरक्षा मानकों पर खास ध्यान दिया जाए, ताकि आगे ऐसी कोई घटना दोबारा न हो.