‘पैलेट गन से अंधा हो गया साहिल, FIR होने तक नहीं हटेंगे’, थाने में धरने पर बैठे राहुल-प्रियंका

कांग्रेस नेता राहुल गांधी दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचे. वह जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन के दौरान पैलेट गन के इस्तेमाल की जांच की जानकारी लेने डीसीपी ऑफिस गए थे. राहुल पैलेट गन पीड़ित साहिल लोहबच को भी साथ लेकर गए और आरोप लगाया कि अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है. जानकारी लेने के बाद राहुल थाने के बाहर धरने पर बैठ गए, जहां कई कांग्रेस नेता भी पहुंच गए.जिनमें प्रियंका गांधी, अधीर रंजन चौधरी, सलमान खुर्शीद और जयराम रमेश भी शामिल हैं.

राहुल गांधी दिल्ली पुलिस के ज्वाइंट सीपी नूपुर प्रसाद से मिलने डीसीपी ऑफिस गए थे. नुपुर प्रसाद को चार्ज संभाले अभी एक दो दिन ही हुए हैं. राहुल अपने साथ कई शिकायतें लेकर अंदर गए थे और इन पर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन पुलिस ने तुरंत कोई फैसला नहीं लिया.

इसके बाद बाहर निकलते ही राहुल गांधी धरने पर बैठ गए. उनके लिए एक कुर्सी लगाई गई और वह वहीं बैठ गए. मौके पर मीडियाकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों की भारी भीड़ जमा हो गई. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अब मौके पर पहुंच गए हैं.

राहुल गांधी ने कहा कि 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर पैलेट गन का इस्तेमाल हुआ था. साहिल के शरीर से छर्रे निकले हैं, उनके शरीर के अंदर अब भी छर्रे मौजूद हैं और आंख में भी छर्रे लगे हैं. एम्स की रिपोर्ट में साफ लिखा है कि साहिल के शरीर में 200 से ज्यादा छर्रे हैं. आंख में लगे छर्रों की वजह से साहिल की आंख की रोशनी जा चुकी है और वह अब उस आंख से देख नहीं पाएंगे. उनके दिल के बिल्कुल पास भी छर्रे हैं, जिन्हें निकाला नहीं जा सकता.

हालांकि पुलिस की तरफ से शिकायत ले ली गई है और बताया गया है कि इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है. लेकिन एफआईआर को लेकर राहुल गांधी का आरोप बना हुआ है कि अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है. पुलिस की तरफ से यह भी कहा जा रहा है कि इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है और सुप्रीम कोर्ट की हाई पावर्ड कमेटी भी गठित हो चुकी है. ऐसे में कमेटी की रिपोर्ट और आदेश का इंतजार किया जाएगा.

राहुल गांधी ने कहा कि दिल्ली पुलिस का कहना है कि उन्होंने छर्रे नहीं चलाए. उन्होंने सवाल उठाया कि अगर पुलिस ने नहीं चलाए तो फिर किसी और ने चलाए होंगे, लेकिन क्राइम तो हुआ है क्योंकि साहिल के शरीर में छर्रे मौजूद हैं.

राहुल गांधी ने कहा कि उनकी सिर्फ एक मांग है कि इस मामले में FIR दर्ज की जाए. उन्होंने बताया कि साहिल की मां ज्योति और पिता दीपक भी मौके पर मौजूद हैं. राहुल ने आरोप लगाया कि अंदर से उन्हें बताया गया है कि ऊपर से आदेश आया है कि FIR दर्ज नहीं की जा सकती. उन्होंने कहा कि जब तक FIR दर्ज नहीं होती, तब तक वह वहां से नहीं हटेंगे.

राहुल गांधी ने कहा कि देश में रोज लाखों लोगों के साथ अन्याय होता है, लेकिन यह घटना नई दिल्ली के कनॉट प्लेस में, सबकी आंखों के सामने हुई है. उन्होंने मांग की कि इस मामले की जांच कर रहे अधिकारी का नाम बताया जाए. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ इस परिवार के लिए न्याय की मांग है और सवाल उठाया कि क्या हिंदुस्तान में युवाओं पर गोली चलाई जा सकती है.

राहुल गांधी धरने पर बैठ गए हैं. पहले प्रधानमंत्री आवास के बाहर राहुल गांधी धरने पर बैठे थे और अब यहां दिल्ली पुलिस के दफ्तर के बाहर बैठ गए हैं. एक तरीके से संसद से लेकर सड़क तक की लड़ाई लड़ी जा रही है. कोशिश ये है कि इसके जरिए सिर्फ दिल्ली पुलिस पर नहीं, बल्कि गृह मंत्री अमित शाह पर भी दबाव बनाया जाए.

अब कांग्रेस के और भी कई नेता यहां पहुंच रहे हैं. रणदीप सिंह सुरजेवाला से लेकर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता पहले ही यहां मौजूद हैं. कुमारी शैलजा समेत तमाम नेता राहुल गांधी के साथ हैं. इससे पहले भी देखा गया था कि प्रधानमंत्री आवास के बाहर जब राहुल गांधी धरने पर बैठे थे, तब बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता वहां पहुंच गए थे. अब वही तस्वीर एक बार फिर दोहराती हुई दिखाई दे रही है.

कांग्रेस की तरफ से पूरी तरह से ये संदेश देने की कोशिश की जा रही है कि वह छात्रों के मुद्दे पर सड़क की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है. यहां राहुल गांधी खुद इस मुद्दे को बेहद आक्रामक तरीके से उठा रहे हैं.

ये स्थिति दिल्ली पुलिस के लिए भी परेशानी का सबब बन सकती है. इससे पहले जब राहुल गांधी प्रधानमंत्री आवास के बाहर बैठ गए थे, तब दिल्ली पुलिस के तमाम वरिष्ठ अधिकारियों को उन्हें वहां से हटाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी थी. उन्हें हिरासत में लेकर छत्रसाल स्टेडियम ले जाया गया था. उस दौरान प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव भी वहां पहुंचे थे.

राहुल गांधी का यह दौरा जंतर-मंतर पर हुए CJP के आंदोलन के दौरान पैलेट गन के इस्तेमाल से जुड़े मामले की जांच को लेकर था. यह मामला उस समय सामने आया था जब CJP के आंदोलन के दौरान पैलेट गन के इस्तेमाल की बात सामने आई. इसके बाद इस पूरे मामले की जांच शुरू की गई थी.

राहुल गांधी संसद मार्ग थाने पहुंचे और वहां से डीसीपी ऑफिस में मामले से जुड़ी जांच की जानकारी लेने की कोशिश की. उनका मकसद यह पता लगाना था कि जांच किस स्टेज पर है और अब तक क्या नतीजे सामने आए हैं. कांग्रेस नेता ने पुलिस अधिकारियों से सीधे इस मामले पर बातचीत करने की कोशिश की, ताकि जांच की सही स्थिति सामने आ सके.

राहुल गांधी के इस दौरे के बाद जंतर-मंतर पर CJP के आंदोलन के दौरान पैलेट गन के इस्तेमाल से जुड़ा यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है. हालांकि, अभी तक जांच के नतीजे या पुलिस की तरफ से हुई किसी ठोस कार्रवाई का पूरा ब्योरा सामने नहीं आया है. यह साफ है कि राहुल गांधी इस मामले को लेकर गंभीर हैं और वह जांच पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.

फिलहाल इस मामले में आगे क्या होता है, इस पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं. पुलिस की तरफ से जांच पूरी होने के बाद ही इस मामले में आगे की तस्वीर साफ हो पाएगी.