तमिलनाडु सरकार नवजात बच्चों को सोने की अंगूठी देगी
तमिलनाडु सरकार ने सरकारी अस्पतालों में जन्मे नवजात बच्चों के लिए 1.28 लाख सोने की अंगूठियों के वर्क ऑर्डर जारी किए हैं। इस योजना का बजट 220 करोड़ रुपये है। तमिलनाडु मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन (TNMSC) ने शुक्रवार देर रात जॉयलुक्कास और कल्याण ज्वेलर्स को ऑर्डर दिए। ये अंगूठियां जून से सितंबर के बीच सरकारी अस्पतालों में जन्मे बच्चों को दी जाएंगी। यह योजना 15 सितंबर को द्रविड़ आंदोलन के नेता सी. एन. अन्नादुरई की जयंती पर शुरू की जाएगी। 22 जून को मुख्यमंत्री के जन्मदिन के बाद सरकारी अस्पतालों में जन्मे बच्चों को इसका लाभ मिलेगा।
हालांकि, विपक्ष ने टेंडर प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। तमिलनाडु विधानसभा में भी योजना के टेंडर को लेकर बहस हुई। विपक्षी DMK और AIADMK ने खरीद प्रक्रिया पर सवाल उठाए।
विपक्षी दलों के मुताबिक, कई कंपनियों ने अतिरिक्त शुल्क के तौर पर ₹410.97 से लेकर ₹15,000 से ज्यादा तक की बोली लगाई थी, लेकिन उन्हें टेंडर नहीं दिया गया। विपक्ष ने यह भी पूछा कि इस खरीद की जिम्मेदारी TNMSC को क्यों दी गई।
विपक्ष का तर्क था कि TNMSC की स्थापना केवल दवाइयां, मेडिकल उपकरण खरीदने और अस्पतालों के निर्माण के लिए हुई थी।
सीएम विजय ने अप्रैल में विधानसभा चुनाव से पहले इस योजना की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि इसका उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में डिलीवरी को बढ़ावा देना और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर लोगों का भरोसा मजबूत करना है। यह योजना TVK के चुनावी वादों में शामिल थी। सरकारी अस्पतालों में जन्मे बच्चों के लिए सोने की अंगूठी देने की यह पहल इसी योजना के तहत लागू की जा रही है।
सरकार के मुताबिक, 4 लाख से ज्यादा एक ग्राम की सोने की अंगूठियों की सप्लाई के लिए 14 जुलाई को टेंडर जारी किया गया था। TNMSC के इस टेंडर में 11 कंपनियों ने हिस्सा लिया और TN Tenders पोर्टल के जरिए अपनी कीमतें जमा कीं।
जॉयलुक्कास ने सोने की एक ग्राम कीमत को छोड़कर 0.01 रुपए की सबसे कम बोली लगाई। इसमें प्रोसेसिंग फीस, बीमा, परिवहन और BIS स्टांपिंग समेत सभी अतिरिक्त शुल्क शामिल थे।
जॉयलुक्कास ने कहा, “टेंडर की कुल कीमत करीब ₹755 करोड़ है। इसमें सोने की कीमत पूरे खरीद मूल्य का सबसे बड़ा हिस्सा है।”
कंपनी ने कहा कि उसने “सोने की मौजूदा कीमत से ऊपर केवल 1 पैसे का प्रतीकात्मक सेवा शुल्क” लिया है।
