बेसन के पकौड़े तो खूब खा लिए, अब बनाएं कुरकुरे और करारे जापानी पकौड़े

बारिश का मौसम हो या शाम की चाय, हमारे देश में पकौड़े खाना हर किसी को पसंद होता है. लेकिन हमेशा वही बेसन और प्याज-आलू के पकौड़े खाकर अक्सर मन ऊब जाता है. अगर आप भी कुछ नया, हल्का और बेहद कुरकुरा स्नैक ट्राई करना चाहते हैं, तो इस बार घर पर बनाएं जापानी स्टाइल के जापानी पकौड़े. दरअसल जापान में इंडियन पकौड़े की तरह ही टेम्पुरा बनाए जाते हैं जिनसे ताजे सीफूड और सब्जियों जैसे शकरकंद, जापानी कद्दू (कबोचा), बैंगन, शिइताके मशरूम, कमल की जड़ और शिसो के पत्ते का इस्तेमाल होता है.

इन पर हल्की बैटर की कोटिंग की जाती है और फिर उन्हें कुरकुरा होने तक डीप-फ्राई किया जाता है. इसके बैटर में बेसन की जगह ऑल पर्पस फ्लॉर, मैदा, अंडा, कभी-कभी कॉर्नफ्लोर और बिलकुल ठंडा पानी इस्तेमाल होता है, जिससे इसकी ऊपरी परत भारी या तैलीय नहीं बनती.

लेकिन यहां हम इसमें थोड़ा सा देसी तड़का एड करेंगे और चावल के आटे और सिर्फ सब्जियों से बनने वाले जापानी पकौड़े बनाना आपको सिखाएंगे. यह पकौड़े तेल बहुत कम सोखते हैं और सब्जियों का असली क्रंच और स्वाद बरकरार रखते हैं. आइए जानते हैं इसे बनाने की सामग्री और सबसे आसान तरीका.

सामग्री

शिमला मिर्च (लंबाई में कटी हुई) – 1/2 कप

गाजर (पतली और लंबी कटी हुई) – 1/2 कप

प्याज (लच्छेदार कटा हुआ) – 1/2 कप

पत्तागोभी (लंबी कटी हुई) – 1/2 कप

चावल का आटा – 1/2 कप

कॉर्नफ्लोर – 2 बड़े चम्मच (ऑप्शनल)

बर्फ जैसा ठंडा पानी – 3/4 कप

बेकिंग पाउडर – 1/4 छोटा चम्मच

सफेद तिल – 1 छोटा चम्मच

काली मिर्च पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच

नमक – स्वादानुसार

तेल – तलने के लिए

बनाने का तरीका

सभी सब्जियों (गाजर, शिमला मिर्च, प्याज, पत्तागोभी) को धोकर सुखा लें और बिल्कुल पतले व लंबे आकार में काट लें.

एक बाउल में कटी हुई सब्जियों को निकालें. इसमें 1 बड़ा चम्मच सूखा चावल का आटा डालकर टॉस करें ताकि सब्जियों की नमी सूख जाए.

दूसरे बाउल में कॉर्नफ्लोर, बेकिंग पाउडर, काली मिर्च पाउडर, तिल और स्वादानुसार नमक डालें.

अब इस मिश्रण में एकदम बर्फ जैसा ठंडा पानी डालें और हल्के हाथों से मिलाएं. घोल को बहुत ज्यादा नहीं फेंटना है, बैटर हल्का सा लंपी/गाढ़ा ही रहना चाहिए.

अब कटी हुई सब्जियों को तैयार ठंडे बैटर में डालकर हल्के हाथों से मिक्स करें ताकि सब्जियों पर बैटर की एक पतली परत चढ़ जाए.

कड़ाही में तेल तेज गरम करें. अब सब्जियों के छोटे-छोटे लच्छे/गुच्छे बनाकर गरम तेल में सावधानी से डालते जाएं.

मध्यम से तेज आंच पर पकौड़ों को पलट-पलटकर हल्का सुनहरा और सुपर क्रिस्पी होने तक तलें.

तैयार करारे जापानी पकौड़ों को टिश्यू पेपर पर निकालें और शेजवान सॉस या अपनी पसंदीदा चटनी और कड़क चाय के साथ परोसें.