CG : बिलासपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग कर रहे विमान का टायर फटा, कई मीटर तक घिसटती रही फ्लाइट

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित बिलासा देवी केवट हवाई अड्डे (चक्करभाठा) पर शुक्रवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया।

दिल्ली से बिलासपुर पहुंची एलाइंस एअर की फ्लाइट (91697) की रनवे पर लैंडिंग के दौरान अचानक विमान का टायर फट गया। धमाके की आवाज और अचानक हुई इस घटना से एयरपोर्ट प्रशासन और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

लैंडिंग के वक्त जोरदार आवाज के साथ टायर फटने के बावजूद पायलट ने असाधारण सूझबूझ और तत्परता का परिचय दिया। पायलट ने विमान का संतुलन बिगड़ने नहीं दिया और उसे सुरक्षित रूप से रनवे के किनारे रोक लिया।

हालांकि, टायर फटने की वजह से फ्लाइट कई मीटर तक घिसटती रही। फ्लाइट ने सुबह 10:55 बजे दिल्ली से बिलासपुर के लिए उड़ान भरी थी।

सूचना मिलते ही एयरपोर्ट का फायर और रेस्क्यू दस्ता तुरंत मौके पर पहुंचा। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी 60 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को भी चोट नहीं आई है।

इस घटना के बाद विमान में आई तकनीकी खराबी के चलते बिलासपुर से प्रयागराज जाने वाली कनेक्टिंग फ्लाइट को तत्काल प्रभाव से रद कर दिया गया। फ्लाइट रद होने के कारण यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

फिलहाल, एयरपोर्ट अथॉरिटी और एलाइंस एयरलाइन की तकनीकी टीम घटना के कारणों और टायर फटने की जांच में जुट गई है।