3 करोड़ का सोना, 6 किलो चांदी और 12 लाख कैश, तिरुपति बालाजी मंदिर के अफसर के घर छापेमारी में निकला खजाना

आंध्र प्रदेश का एंटी-करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने TTD के डिप्टी EO मेंडु लोकनाधम के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है. तिरुपति लड्डू में मिलावट के मामले की जांच और चार्जशीट दाखिल करने के बाद सीबीआई से मिली जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की गई है. CBI ने TTD के कुछ कर्मचारियों की संपत्ति के बारे में एसीबी को जानकारी दी थी. तिरुपति में चार जगहों पर तलाशी के दौरान 2 किलो सोना, 6.5 किलो चांदी, 12.5 लाख रुपये नकद, चार फिक्स्ड डिपॉजिट और प्रॉपर्टी के कागजात जब्त किए गए. एसीबी ने बताया कि संपत्ति की शुरुआती कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये (बुक वैल्यू) है.

आंध्र प्रदेश का एंटी-करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को तिरुपति में तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के डिप्टी एग्जीक्यूटिव ऑफिसर मेंडु लोकनाथम के घर और ऑफिस पर तलाशी ली थी. एसीबी अधिकारि‍यों ने उनके रिश्तेदारों से जुड़ी जगहों पर भी एक साथ तलाशी ली. एसीबी डीएसपी श्रीनिवास राव की अगुवाई में एसीबी अधिकारियों की सात टीमों ने बुधवार की सुबह 6 बजे तलाशी शुरू की थी. जब अधिकारी तलाशी शुरू करने के लिए पहुंचे तो लोकनाथम अपने घर पर ही थे.

लोकनाथम अभी श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में मंदिर डिप्टी ईओ के तौर पर काम कर रहे हैं. इससे पहले वह टीटीडी में कई पदों पर रह चुके हैं. एक दशक में यह दूसरी बार है जब एसीबी ने किसी टीटीडी अधिकारी से जुड़ी जगहों पर तलाशी ली है. 2016 में एजेंसी ने टीटीडी के तत्कालीन डिप्टी एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर टी. भूपति रेड्डी के घर पर तलाशी ली थी. तिरुपति और बेंगलुरु में उनके रिश्तेदारों और करीबी सहयोगियों के घरों पर भी एक साथ तलाशी ली गई. ये छापे इस आरोप के आधार पर मारे गए थे कि आरोपी के पास ज्ञात आय के स्रोतों से कहीं ज्यादा संपत्ति थी.