क्लास-रूम में स्प्राइट की बोतल में महुए की शराब, शिक्षक पर नशे में स्कूल आने का आरोप
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के मैनपुर ब्लॉक स्थित ज्ञान ज्योति प्राथमिक शाला कामारपारा में एक शिक्षक पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचकर बच्चों को पढ़ाने का आरोप लगा है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में शिक्षक सतीश कुमार दुबे कथित तौर पर नशे की हालत में नजर आ रहे हैं। वहीं, क्लासरूम में स्प्राइट की बोतल में महुआ शराब रखी मिली है।
हालांकि, शिक्षक ने स्कूल में शराब लेकर आने के आरोप से इनकार किया है। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। विभाग की ओर से जांच के लिए टीम भी गठित की गई है।
जानकारी के मुताबिक, ज्ञान ज्योति प्राथमिक शाला कामारपारा में करीब 24 बच्चे पढ़ते हैं। स्कूल में दो शिक्षकों की तैनाती है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल के समय शिक्षक सतीश कुमार दुबे शराब के नशे में पाए गए।
गरियाबंद: मैनपुर ब्लॉक के प्राथमिक शाला भाटापानी से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि शिक्षक सतीश कुमार दुबे शराब के नशे में स्कूल पहुंचे और क्लास में टेबल के नीचे महुआ शराब छुपाकर रखी थी।#Gariaband #Mainpur #Chhattisgarh #CGNews #BreakingNews pic.twitter.com/aPPCo8l0cq
— Nishaanebaz.com (@nishaanebaz_com) September 4, 2026
कुछ ग्रामीणों ने मौके पर शिक्षक का वीडियो बना लिया। वायरल वीडियो में शिक्षक ठीक से खड़े होने और बात करने की स्थिति में नजर नहीं आ रहे हैं। इसी दौरान क्लासरूम के फर्श पर रखी एक स्प्राइट की बोतल भी दिखाई दे रही है, जिसमें ग्रामीणों ने महुआ शराब होने का दावा किया है।
घटना के बाद बच्चों के अभिभावकों और ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि शिक्षक बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा के लिए जिम्मेदार होते हैं। ऐसे में स्कूल समय में कथित तौर पर नशे की हालत में पहुंचना गंभीर लापरवाही है।
ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
शिक्षक पर शराब के आरोप के साथ ही ग्रामीणों ने स्कूल में मिलने वाले मध्याह्न भोजन यानी पीएम पोषण योजना को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि बच्चों को निर्धारित साप्ताहिक मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं दिया जा रहा है। उनका कहना है कि लंबे समय से बच्चों को मुख्य रूप से दाल-चावल ही परोसा जा रहा है।
अभिभावकों ने मांग की है कि स्कूल में मिलने वाले भोजन की व्यवस्था की भी जांच की जाए और निर्धारित मेन्यू के अनुसार बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए।
मामले को लेकर मैनपुर बीईओ देवनाथ बघेल ने बताया कि शिक्षक को शो-कॉज नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। साथ ही मामले की विभागीय जांच के निर्देश दिए गए हैं।
बीईओ के मुताबिक, जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शिक्षक पर लगाए गए आरोपों की विभागीय जांच जारी है।
