सरकारी जमीन पर बना दो मंजिला मकान बुलडोजर से ढहाया, बिलासपुर में 3 नोटिस के बाद नगर निगम की कार्रवाई

बिलासपुर में अरपा पार बंधवापारा स्थित सतबहिनया मंदिर के पास नगर निगम ने सरकारी जमीन पर बने एक अवैध दो मंजिला मकान को बुलडोजर चलाकर ढहा दिया। नगर निगम के अनुसार, मकान मालिक को निर्माण से जुड़े दस्तावेज पेश करने के लिए तीन बार नोटिस दिया गया था, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद निगम ने निर्माण हटाने की कार्रवाई की।

नगर निगम जोन कमिश्नर रंजना अग्रवाल ने बताया कि सतबहिनया मंदिर बंधवापारा निवासी रंजीत कश्यप ने सरकारी जमीन पर मकान बनाया था। निगम की ओर से उन्हें तीन नोटिस जारी कर निर्माण से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया था।

निगम के मुताबिक, तय समय में न तो जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत किए गए और न ही नोटिस का संतोषजनक जवाब दिया गया। इसके बाद अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई की गई।

नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर जोन क्रमांक-8 और अतिक्रमण शाखा की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। टीम ने बुलडोजर की मदद से दोमंजिला निर्माण को पूरी तरह ढहा दिया और सरकारी जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया।

नगर निगम आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि शहर में सरकारी जमीन या निगम की संपत्ति पर अवैध कब्जा और बिना अनुमति निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को ऐसे मामलों में नियमों के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

निगम का कहना है कि शहर में सरकारी जमीन पर किए गए अन्य अवैध कब्जों और निर्माणों की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई आगे जारी रहेगी।