शी जिनपिंग का भारत दौरा कंफर्म, BRICS समिट में शामिल होंगे चीनी राष्ट्रपति

चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी. चीनी विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर राष्ट्रपति शी जिनपिंग 12 से 13 सितंबर तक भारत में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. यह शी जिनपिंग की सात साल बाद भारत यात्रा होगी. उनके दौरे को भारत और चीन के बीच हाल के महीनों में सुधर रहे संबंधों के लिहाज से अहम माना जा रहा है.

इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग ने हाल ही में किर्गिस्तान के बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) समिट में एक साथ मंच साझा किया था, जहां उन्होंने हाथ तो मिलाया लेकिन कोई औपचारिक द्विपक्षीय बैठक नहीं की.

बता दें कि नई दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है. इस सम्मेलन में ब्रिक्स देशों के राष्ट्र प्रमुख पहुंच रहे हैं. अब तक इस आयोजन में रूस के राष्ट्रपति पुतिन और ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियान के शामिल होने की पुष्टि हो गई है.