भारत मंडपम में PM मोदी और पुतिन की मेगा मीटिंग शुरू

दिल्ली में इन दिनों 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन छाया हुआ है. आज से 13 सितंबर तक राजधानी में कड़ी सुरक्षा और भारी ट्रैफिक बदलाव लागू हैं. रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार सुबह दिल्ली पहुंच गए और तीन दिन के दौरे पर हैं. चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग सात साल बाद पहली बार भारत आ रहे हैं. समिट का आयोजन भारत मंडपम में 13 और 14 सितंबर को होगा, जबकि आज स्कूलों में छुट्टी है. सुरक्षा के लिए करीब 15 हजार दिल्ली पुलिसकर्मी, पैरामिलिट्री की 200 कंपनियां और 500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे तैनात किए गए हैं. पुलिस का कहना है कि शहर पूरी तरह बंद नहीं होगा, लेकिन वीवीआईपी काफिलों के गुजरने के दौरान कुछ देर के लिए रास्ते रोके जा सकते हैं.

मथुरा रोड, शांति पथ, जनपथ, अशोक रोड, बाराखंभा रोड और तीन मूर्ति मार्ग समेत 35 से ज्यादा सड़कों पर असर पड़ेगा. नोएडा से सेंट्रल दिल्ली और द्वारका से एयरपोर्ट जाने वालों को ज्यादा परेशानी हो सकती है. रोज करीब 70 से 80 हाई सिक्योरिटी मूवमेंट होंगे. करीब 4800 ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात हैं. मेट्रो सामान्य चलेगी, बसें, ऑटो और टैक्सी भी चलते रहेंगे लेकिन कुछ रूट बदले जा सकते हैं. यूपीएससी और एनडीए परीक्षार्थियों तथा अस्पताल जाने वालों को समय से पहले निकलने की सलाह दी गई है. मेडिकल इमरजेंसी में तुरंत ट्रैफिक पुलिस को बताने को कहा गया है.