भारत ने PCB चीफ से फिर ट्रॉफी नहीं ली, फैंस ने चोर कहकर चिढ़ाया

भारत ने विमेंस एशिया कप के फाइनल में श्रीलंका को 72 रन से हराकर 8वीं बार खिताब जीता। हालांकि, प्रेजेंटेशन सेरेमनी में टीम इंडिया ने एशियन क्रिकेट काउंसिल के प्रेसिडेंट और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड चेयरमैन मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। इस दौरान फैंस ने नकवी को ‘चोर’ कहकर भी चिढ़ाया।

मोहसिन नकवी पाकिस्तान सरकार में गृह मंत्री भी हैं। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के समय भारत विरोधी बयान दिए थे। इस वजह से 2025 में भारतीय पुरुष टीम ने उनके हाथों ट्रॉफी नहीं ली थी। भारतीय विमेंस टीम ने उसी स्टैंड पर कायम रहते हुए नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया।

मैच में स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे बड़ी साझेदारी की। वहीं, टीम इंडिया ने पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 32 छक्के लगाए। भारतीय महिला टीम के हेड कोच अमोल मजूमदार ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘ट्रॉफी नहीं लेने का फैसला BCCI ने लिया है और हम फैसले के साथ हैं। हमारे लिए यह टूर्नामेंट खत्म हो चुका है। हम चैंपियन हैं, हमारे लिए इतना ही काफी है। अब हमारा ध्यान एशियाई खेलों पर है। मुझे टीम के हर खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ पर गर्व है।’

BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि भारतीय टीम नकवी से ट्रॉफी लेने के पक्ष में नहीं थी। बोर्ड ने प्रेजेंटेशन सेरेमनी के लिए दो विकल्प सुझाए थे।

पहले विकल्प में ACC के डिप्टी चेयरमैन खालिद अल जरूनी को ट्रॉफी देने का प्रस्ताव था। दूसरे विकल्प में हाल की परंपरा के अनुसार विजेता बोर्ड के प्रतिनिधि से ट्रॉफी दिलाने की बात कही गई थी। नकवी को दोनों विकल्प मंजूर नहीं थे।