छत्तीसगढ़ में 19 सितंबर से भारी बारिश का अलर्ट, 3 सिस्टम एक्टिव, दो दिन बाद बरसेंगे बादल

मानसून के कमजोर पड़ने के कारण छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां धीमी हो गई हैं. पिछले 24 घंटों में राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम सूखा रहा, हालांकि सरायपाली और कटेकल्याण जैसे कुछ इलाकों में 10 मिमी तक हल्की बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इस मानसून सीजन में राज्य में कुल बारिश सामान्य से 5 प्रतिशत कम रही है. इस बीच, मौसम विभाग ने एक अपडेट जारी कर बताया है कि 19 सितंबर को मौसम की स्थिति में बदलाव हो सकता है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, तीन अलग-अलग मौसम प्रणालियों के असर से 19 सितंबर से छत्तीसगढ़ में मानसून फिर से जोर पकड़ेगा. इसके बाद पूरे राज्य में बारिश का दायरा और तेजी काफी बढ़ जाएगी और कई इलाकों में भारी बारिश की उम्मीद है. वहीं अगले दो दिनों तक कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है, साथ ही कुछ अलग-अलग इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है.

इसके अलावा आज गुरुवार को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कुछ अलग-अलग इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है. इस बीच, रायपुर में अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. इससे पहले बुधवार को राज्य में सबसे ज़्यादा तापमान दुर्ग में 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.

देखें तापमान-

दुर्ग में अधिकतम तापमान- 34.5°C और न्यूनतम तापमान 22.6°C
राजनांदगांव में अधिकतम तापमान: 34.4°C और न्यूनतम तापमान 22.5°C
रायपुर में अधिकतम तापमान 33.3°C और न्यूनतम तापमान 26.2°C
बिलासपुर में अधिकतम तापमान 33°C और न्यूनतम तापमान 25.2°C
अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 32.9°C और न्यूनतम तापमान 22.2°C
जगदलपुर में अधिकतम तापमान 32.6°C और न्यूनतम तापमान 24°C
पेंड्रारोड अधिकतम तापमान 30.9°C और न्यूनतम तापमान 21.8°C

राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ-साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना है. मौसम में बदलाव और बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और सावधी बरतनें की सलाह दी है.