19 फीट का गड्ढा, कैसे दरक गई चीन की सबसे मजबूत दीवार?

चीन की ग्रेट वॉल (मशहूर दीवार) के डैमेज होने की खबर है. चीन के सरकारी अधिकारियों के मुताबिक, दीवार में 19 फीट का छेद यानी गड्ढा हो गया है, जिसे बड़ा खतरा माना जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि दीवार के बगल में खनन कार्य के चलते यह गड्ढा बना है. इसे रोकने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है. खनन कंपनी पर भारी जुर्माना लगाया गया है. 1368 से 1644 के बीच इस मशहूर दीवार का निर्माण कराया गया था. दीवार की कुल लंबाई करीब 21 हजार किलोमीटर है, जो उत्तरी चीन में स्थित है. इसे चीन का प्रमुख पर्यटन स्थल भी माना जाता है. साथ ही, चीन की रक्षा के लिहाज से भी यह दीवार काफी अहम है.

चीन के सरकारी टीवी चैनल सीसीटीवी के मुताबिक, गुओजियायाओ प्रांत में दीवार को डैमेज होने की जानकारी सामने आई है. यहां 2007 में कोयला खनन की शुरुआत की गई थी. जिस कंपनी को इसका ठेका मिला था, उसने खनन के दौरान दीवार की सुरक्षा का ध्यान नहीं रखा.

2015 में पहली बार इसमें एक गड्ढा देखा गया था. अब यह गड्ढा करीब 6 मीटर यानी 19 फीट का हो गया है. सरकारी अधिकारियों का कहना है कि खदान से निकलने वाले कचरे को ठिकाने लगाने के लिए दीवार में छेद किया गया. सरकार ने इसे लापरवाही माना है.

विशेषज्ञों ने जब इसकी रिपोर्ट सरकार को दी, तो सरकार ने आनन-फानन में कार्रवाई शुरू कर दी. खनन कंपनी पर 1.5 लाख डॉलर का जुर्माना लगाया गया है. साथ ही, कंपनी के अधिकारियों को हिरासत में लिया गया है.

साल 2006 में चीन की सरकार ने दीवार की सुरक्षा को लेकर कानून बनाया था. इसके मुताबिक, चीन की इस मशहूर दीवार को नुकसान पहुंचाना प्रतिबंधित है. सरकार ने दीवार के आसपास के क्षेत्र में निर्माण कार्य पर भी प्रतिबंध लगाया है. यानी इन इलाकों में बिना अनुमति कोई निर्माण कार्य नहीं किया जा सकता.

साथ ही, कानून में कहा गया है कि अगर जरूरत पड़ती है तो इलाके में अंडरग्राउंड टनल का निर्माण किया जा सकता है, लेकिन दीवार को तोड़ा नहीं जा सकता.