जापान में 1 लाख लोग 100 साल के पार, भारत में ये कितनी संख्या, अमेरिकी कौन से नंबर पर?

जापान ने एक और मामले में पूरी दुनिया को पीछे छोड़ दिया है. जापान में अब 100 साल या इससे अधिक उम्र (Centenarians) वाले लोगों की संख्या 1 लाख के पार पहुंच गई है. बीते दिनों जापान के स्वास्थ्य मंत्रालय (MHLW) की एक रिपोर्ट में यह बात सामने आई है. बड़ी बात है कि 1 लाख के पार लोगों में सबसे ज्यादा महिलाएं हैं, महिलाओं की तुलना में पुरुषों की संख्या काफी कम है. इस तरह से जापान 100 साल के पार वाले लोगों की संख्या के मामले में दुनिया में पहले नंबर है, जबकि भारत चौथे नंबर पर है. दरअसल, जापान में 100 साल या उससे ज़्यादा उम्र के लोगों की कुल संख्या लगातार 56 सालों से बढ़ रही है. 15 सितंबर को जापान के स्वास्थ्य मंत्री केनिचिरो उएनो (Kenichiro Ueno) ने 100 साल के पार लोगों से जुड़ा आंकड़ा पेश किया था. उन्होंने बताया कि देश में 100 साल या उससे ज़्यादा उम्र के लोगों की रिकॉर्ड संख्या 107,677 है, जिनमें से 94,298 महिलाएं (87.6%) और 13,379 पुरुष (12.4%) हैं.

जापान ने स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि हमें बहुत खुशी है कि इतने सारे लोग इतने लंबे समय तक एक्टिव और स्वस्थ रह पा रहे हैं. उन्होंने 100 साल के पार वालों की आबादी बढ़ने के पीछे का कारण बताते हुए कहा, “बुज़ुर्गों की आबादी में बढ़ोतरी के कारणों में रहन-सहन, खान-पान, पोषण में सुधार और मेडिकल टेक्नोलॉजी में तरक्की शामिल है.” 27 अगस्त को जापान की सबसे उम्रदराज शिगेको कागावा की मौत हुई थी, जिसके बाद जेरोंटोलॉजी रिसर्च ग्रुप (GRG) ने 114 साल की फुयो किशिमोटो को जापान की सबसे उम्रदराज़ जीवित व्यक्ति के तौर पर मान्यता दी. वहीं, जापान के सबसे उम्रदराज़ जीवित पुरुष 112 साल के हिकारू काटो हैं.

वहीं, अगर अन्य देशों की बात करें तो जापान के बाद अमेरिका दूसरे नंबर पर है तो चीन 100 साल के पार वाले लोगों की संख्या में तीसरे नंबर पर है. TOI की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका में 73,629 लोग 100 साल या इससे अधिक उम्र वाले लोग हैं, जबकि चीन में यह संख्या 48,566 है.

वहीं, भारत में 37,988 लोग 100 साल की उम्र तक पहुंच चुके हैं. इस तरह भारत दुनिया में सबसे अधिक 100 साल या उससे अधिक उम्र तक पहुंचने वाले लोगों की संख्या में चौथे नंबर पर है. 100 साल पार लोगों की संख्या में इजाफा होने के बाद लोगों में चर्चा शुरू हो गई है कि ज्यादा जीना हो तो जापान चले जाओ.