बिजली के खंभे की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत, चार झुलसे
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में मंगलवार को बिजली का खंभा हटाने के दौरान करंट की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत हो गई। इस हादसे में चार अन्य लोग झुलस गए हैं। घटना पत्थलगांव थाना क्षेत्र के पाकरगांव गांव की है। यह घटना उस समय हुई, जब बिजली आपूर्ति बंद किए बिना खंभा हटाने के दौरान मजदूर चालू बिजली लाइन के संपर्क में आ गए। मामले की जानकारी देते हुए जशपुर के पत्थलगांव क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया पाकरगांव में एक पेट्रोल पंप के सामने बिजली के खंभे को हटाने का काम किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि घटना के समय एक निजी ठेकेदार के सात मजदूर काम कर रहे थे, जिनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई।
जायसवाल ने बताया कि मृतकों की पहचान रायगढ़ जिले के रहने वाले आलेख एक्का और गरियाबंद जिले के रहने वाले टोमन ध्रुव के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। घटना की जानकारी उनके परिजनों को भी दी गई है।
घटना के बाद, साथी मजदूरों ने अस्पताल में नारे लगाए और आरोप लगाया कि बिजली ठेकेदार ने उन्हें बिजली आपूर्ति बंद करने की इजाजत लिए बिना खंभा हटाने का काम करने के लिए कहा, जिसके कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पत्थलगांव में बिजली विभाग के सहायक अभियंता केके देशमुख ने कहा कि उन्होंने संबंधित कनिष्ठ अभियंता से बात की, जिन्होंने बताया कि ठेकेदार ने न तो उन्हें जानकारी दी थी और न ही मंगलवार को पाकरगांव में काम करने के लिए जरूरी परमिट बिजली आपूर्ति रोकने के लिए लिया था। देशमुख ने कहा, “किसी को भी जानकारी नहीं थी कि उस जगह पर काम हो रहा है। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।”
