सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी को लगाई फटकार, कोर्ट परिसर के अंदर नारेबाजी और हंगामे को लेकर जारी किया नोटिस
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन के अन्य नेताओं के सुप्रीम कोर्ट परिसर पहुंचने के दौरान हुई नारेबाजी और कथित हंगामे मामले में आज सुनवाई हुई। कोर्ट ने राहुल गांधी को आज फटकार लगाई है। साथ ही इस मामले में दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी को नोटिस जारी किया है। मालूम हो कि 12 अक्टूबर (सोमवार) को राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी दलों के नेताओं ने चुनाव आयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े मुद्दों को लेकर सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। इस दौरान कोर्ट परिसर में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने और नारेबाजी को लेकर सवाल उठाए गए।
याचिका में अदालत परिसर में राजनीतिक प्रदर्शन, नारेबाजी और भीड़ जुटने जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए दिशा-निर्देश तय करने की मांग की गई है। याचिकाकर्ता ने न्यायिक संस्थानों की गरिमा और कामकाज प्रभावित होने की आशंका भी जताई है।
सुप्रीम कोर्ट में राहुल गांधी के पहुंचने के दौरान हुई नारेबाजी और हंगामे का मुद्दा सुनवाई के दौरान उठा। इस पर सीनियर वकील गौरव भाटिया ने कहा कि कोर्ट परिसर में जो हुआ, उससे वकील आहत हैं और 200 वकीलों ने सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) को चिट्ठी लिखी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कोर्ट को धमकाने की कोशिश की गई। इस पर CJI ने दो टूक कहा कि कोर्ट को कोई धमका नहीं सकता। उन्होंने कहा कि लोग बाहर कुछ भी बोलते हैं, लेकिन अदालत में आकर उनकी भाषा बदल जाती है।
