BREAKING : पति को सांप से डसवाने वाली रविता को फांसी, प्रेमी अमरदीप को भी सजा-ए-मौत
मेरठ में पति की हत्या कर सांप से डसवाने वाली रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई है। सजा के ऐलान से पहले शुक्रवार को कोर्ट में आखिरी दलीलें हुईं। जेल में बंद रविता और अमरदीप का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जज ने पक्ष सुना। जज ने दोनों से पूछा- तुम दोनों को हत्या का दोषी ठहराया गया है। क्या सजा चाहते हो?
रविता ने जवाब दिया- मेरे 3 छोटे-छोटे बच्चे हैं। उनका ख्याल रखा जाए। फिर वह चुप हो गई। इसके बाद अमरदीप ने कहा- मेरे मां-बाप बूढ़े हैं। उनकी सेवा करने वाला कोई नहीं है। उनकी देखभाल में कोई कमी न रहे। इसके बाद दोनों फूट-फूट कर रोने लगे।
17 अप्रैल, 2025 की रात रविता ने अमरदीप के साथ मिलकर पति अमित कश्यप की गला घोटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद सांप डसने से मौत दिखाने के लिए बिस्तर पर सांप छोड़ दिया था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोटकर हत्या करने की बात सामने आई। सपेरों ने भी बताया कि सांप के दांत भी नहीं थे। उससे मौत नहीं हो सकती।
हत्या के 60 दिन बाद पुलिस ने चार्जशीट दाखिल कर दी। एसीजेएम-12 जयवीर सिंह नागर की कोर्ट में 551 दिन में 87 तारीखें और 12 से ज्यादा गवाहों के बयान हुए। 7 अक्टूबर को कोर्ट ने रविता और अमरदीप को दोषी करार दे दिया।
