रिश्वत के चस्के में साहब को आया ‘चक्कर’… 30000 घूस लेते पकड़े गए DSP
बिहार के मधुबनी में रिश्वतखोरी के आरोप में ट्रैफिक DSP सुजीत कुमार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस डिपार्टमेंट) की टीम ने गिरफ्तार किया है. आरोप है कि DSP अपने ही कार्यालय में 30 हजार रुपए की रिश्वत ले रहे थे. टीम ने जैसे ही उन्हें रंगे हाथों पकड़ा, उनकी तबीयत बिगड़ गई. वह चक्कर खाकर जमीन पर गिर पड़े. इस दौरान उनके व्यवहार से कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई. निगरानी टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए रिश्वत की रकम बरामद की और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी.
जानकारी के मुताबिक, ट्रैफिक DSP सुजीत कुमार के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से की गई थी. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि DSP उससे रिश्वत की मांग कर रहे हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए निगरानी विभाग ने पहले शिकायत का सत्यापन कराया. सत्यापन के दौरान आरोपों की पुष्टि होने के बाद टीम ने आरोपी अधिकारी को पकड़ने की योजना बनाई. इसके लिए विशेष टीम तैयार की गई और कार्रवाई का समय तय किया गया. पूरी तैयारी के साथ निगरानी विभाग के अधिकारी मधुबनी स्थित DSP के कार्यालय पहुंचे.
निगरानी टीम की कार्रवाई के दौरान ट्रैफिक DSP सुजीत कुमार को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया गया. टीम ने मौके से रिश्वत की रकम भी बरामद की. कार्यालय में हुई इस अचानक कार्रवाई से वहां मौजूद लोगों के बीच हलचल मच गई. एक पुलिस अधिकारी के खिलाफ रिश्वत लेने के आरोप में हुई इस कार्रवाई ने विभाग में भी चर्चा तेज कर दी. निगरानी टीम अब मामले से जुड़े तथ्यों और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.
ये मधुबनी के ट्रैफ़िक DSP सुजीत कुमार हैं, विजिलेंस ने 30 हज़ार रिश्वत लेते पकड़ा, इसके बाद देखिए कैसे सड़क पर लेट-लेट कर दहाड़ मारकर रो रहे है चिल्ला रहे है …अभी अस्पताल में भर्ती है ..!
नीतीश कुमार जी हमेशा कहते थे कफ़न में जेब नहीं होता है फिर भी ये लोग …? #madhubani #corrupción #DSP
— Mukesh singh (@Mukesh_Journo) October 27, 2026
रिश्वत लेते पकड़े जाने के बाद DSP सुजीत कुमार की तबीयत अचानक बिगड़ गई. बताया जा रहा कि निगरानी टीम को देखकर वह चक्कर खाकर कार्यालय के फर्श पर गिर पड़े. इस दौरान उनकी हालत को लेकर मौके पर मौजूद अधिकारियों में हलचल मच गई. बताया गया कि वह जमीन पर गिरने के बाद जोर-जोर से चिल्लाने भी लगे. इसके बाद वहां मौजूद लोगों और अधिकारियों ने स्थिति संभालने की कोशिश की.
