ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का ‘महाभियोग’, खड़गे के घर जुटने लगे INDIA ब्लॉक के दिग्गज

इंडिया ब्लॉक नई दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का प्रतीकात्मक सार्वजनिक ‘इम्पीचमेंट’ करने जा रहा है. इस कार्यक्रम में विपक्ष की करीब 21 पार्टियां शामिल होंगी. कार्यक्रम कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर होगा. इसे संसद की कार्यवाही की तरह आयोजित किया जाएगा.

पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार इस पूरी कार्यवाही की अध्यक्षता करेंगी. वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे प्रस्ताव पेश करेंगे. अलग-अलग पार्टियों के करीब 30 वक्ताओं के इस कार्यक्रम को संबोधित करने की उम्मीद है. राहुल गांधी कार्यक्रम के अंत में अपनी बात रखेंगे.

विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है. विपक्ष का यह विरोध मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR और कथित चुनावी अनियमितताओं को लेकर है. यह कार्यक्रम पहले शुक्रवार को होना था, लेकिन दिल्ली में हुई भारी बारिश के कारण इसे टाल दिया गया था. अब यह कार्यक्रम 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली इंडिया ब्लॉक की रैली से पहले एक तरह के ‘कर्टन रेजर’ के तौर पर भी काम करेगा.

दिल्ली में लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पहुंचे. इंडिया ब्लॉक की ओर से जल्द ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सार्वजनिक ‘इम्पीचमेंट’ कार्यक्रम आयोजित किया जाना है.

दिल्ली में सार्वजनिक ‘इम्पीचमेंट’ कार्यक्रम को लेकर पूर्व लोकसभा अध्यक्ष और कांग्रेस नेता मीरा कुमार ने कहा कि इसकी शुरुआत कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे. इसके बाद इंडिया गठबंधन के नेता और सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधि अपनी बात रखेंगे.
मीरा कुमार ने कहा कि कार्यक्रम में उन नागरिकों को भी अपनी बात रखने का मौका दिया जाएगा, जिनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं.