‘हिम्मत है तो संसद में चर्चा करिए’, अमित शाह की राहुल गांधी को चुनौती, कहा- हम स्पेशल सेशन बुलाने को तैयार

छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस पर आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव का मंगलवार को समापन हो गया। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने समापन कार्यक्रम को संबोधित किया। अमित शाह ने इस दौरान राहुल गांधी को चैलेंज देते हुए कहा कि राहुल गांधी जी संसद सत्र चलने दीजिए। वहां बहस होगी। उन्होंने कहा कि संविधान की किताब हाथ में लेने से कुछ नहीं होता है उसका सम्मान भी करना पड़ता है। अमित शाह ने कहा- छत्तीसगढ़ में नक्सलियों की जनताना सरकार थी नक्सलियों के मुख्यमंत्री, गृहमंत्री अलग होते थे। ये सरकार आम लोगों को फांसी देते थे। गैर संवैधानिक काम करते थे लेकिन राहुल गांधी इनका समर्थन संसद में करते थे। राहुल गांधी ने अभी-अभी नकली संसद बनाकर संसद का भी मखौल उड़ाया। नरेंद्र मोदी सरकार हर मामले पर चर्चा के लिए तैयार है, हम स्पेशल सेशन बुलाकर एसआईआर पर चर्चा के लिए तैयार हैं।

अमति शाह ने कहा कि हाथ में संविधान लेकर घूमने से कुछ नहीं होता, उसका सम्मान करना जरूरी होता है। राहुल गांधी संसद चलने दीजिए और चर्चा में दो-दो हाथ करिये। अगर हिम्मत है तो देश की जनता के सामने बहस करके दिखाए। आप संसद चलने दीजिए देश की जनता को पता चल जाएगा की सच कौन बोल रहा है और झूठ कौन बोल रहा है।

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा- कम समय में ही छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय की सरकार ने हमारे वादे के सत्तर प्रतिशत से ज्यादा गारंटी पूरी कर दी है। नक्सलवाद खत्म हुआ है और अब पर्यटन में छत्तीसगढ़ नम्बर वन आने वाला है। अगले दस साल में यहां की धरती भी अमीर रहेगी और लोग भी अमीर रहेंगे, ये नरेंद्र मोदी की गारंटी है। हमारी सरकार छत्तीसगढ़ को भय से भरोसे की ओर ले जाएगा, संकल्प से समृद्धि की ओर ले जायेंगे।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-16 में ‘विकसित भारत संकल्प पार्क’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय व उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा साथ रहे। केंद्रीय गृह मंत्री ने यहां पीपल का पौधा भी लगाया। इस दौरान अमित शाह ने पार्क का भ्रमण भी किया।