India vs New Zealand 1st ODI: 185 रन पर न्यूजीलैंड ढेर, लेकिन भारत की शुरुआत बिगड़ी.. रोहित का खाता भी नहीं खुला

भारत और न्यूजीलैंड के बीच ऑकलैंड के ईडन पार्क में पहला वनडे मुकाबला है. टॉस भारतीय कप्तान शुभमन ग‍िल ने जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला किया. न्यूजीलैंड की टीम 185 रन बनाकर ऑल आउट हो गई. 186 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही. अनुभवी ओपनर रोहित शर्मा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए.

इस मुकाबले की लाइव अपडेट और स्कोरकार्ड के लिए इस पेज को र‍िफ्रेश करते रहें, हम लगातार इस पेज को अपडेट कर रहे हैं.

भारत की पारी के पहले ही ओवर में बड़ा झटका लगा. काइल जैमीसन ने छठी गेंद पर रोहित शर्मा को पवेलियन भेज दिया. रोहित ने ऑफ स्टंप के बाहर मिली फुल लेंथ गेंद पर आगे बढ़कर ड्राइव खेला, लेकिन शॉट सीधे मिडऑफ पर खड़े मिचेल सैंटनर के हाथों में चला गया. सैंटनर ने आगे की ओर झुककर शानदार कैच लपका. रोहित 6 गेंदों में बिना खाता खोले आउट हुए. एक रन पर भारत का पहला विकेट गिरा.

इस मुकाबले में न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी कहीं भी भारतीय गेंदबाजी के सामने ठहर नहीं सकी और 40.2 ओवर्स में 185 रनों पर स‍िमट गई. अर्शदीप स‍िंह ने 4 व‍िकेट, गुरनूर बरार ने 3 व‍िकेट लिए. वहीं अंशुल कंबोज ने कमाल का बॉल‍िंंग स्पेल फेंका और अपने कोटे के 10 ओवर्स में 22 रन देकर 2 व‍िकेट ल‍िए.

न्यूजीलैंड की ओर से ट‍िम सीफर्ट और व‍िल यंग बल्लेबाजी करने के लिए आए. इस मुकाबले में अर्शदीप सिंह ने भारत को शुरुआती दो सफलताएं द‍िलाईं पारी के पांचवें ओवर में उन्होंने विल यंग (9) को श्रेयस अय्यर के हाथों कैच आउट करवाया. इसके बाद उनहोंने हेनरी न‍िकोल्स (9) को नमन धीर के हाथों म‍िडविकेट पर कैच आउट करवाया. टीम को तीसरी सफलता गुरनूर बरार ने द‍िलाई, उन्होंने ट‍िम सीफर्ट (38) को आउट किया. इसके कुछ देर बाद ही ही गुरनूर बरार ने टॉम लाथम (3) को कॉट एंड बोल्ड आउट किया. न्यूजीलैंड का पांचवां व‍िकेेट 97 के स्कोर पर ग‍िरा, जब डेर‍िल म‍िचेल (28) रोहित शर्मा के थ्रो पर रन आउट हो गए.

टीम इंड‍िया को छठी सफलता अंशुल कंबोज ने दिलाई. मिचेल सेंटनर 16 गेंदों में 4 रन बनाकर बोल्ड हो गए. गेंद उनके बल्ले से लगकर स्टंप्स पर जा लगी. न्यूजीलैंड को बड़ा झटका लगा. इसके बाद अंशुल कंबोज ने नाथन स्म‍िथ (1) को आउट किया, ज‍िनका कैच व‍िराट कोहली ने किया. स्म‍िथ के आउट होते ही न्यूजीलैंड का स्कोर 115/7 हो गया. वहीं आठवां व‍िकेट काइल जेमीसन (1) का रहा, वो अर्शदीप स‍िंंह की गेंद पर व‍िराट कोहली को कैच थमा बैठे. काफी देर तक स्ंघर्ष कर रहे ग्लेन फिलिप्स 51 गेंदों में 30 रन बनाकर अर्शदीप स‍िंंह की गेंद पर श्रेयस अय्यर के हाथों कैच आउट हुए. उनकी पारी में 2 चौके और 1 छक्का शामिल रहा.

वहीं आउट होने वाले ख‍िलाड़ी ब्लेयर ट‍िकनर रहे, ज‍िन्होंने 23 गेंदों पर 34 रन बनाए. उनको गुरनूर बरार ने व‍िकेट के पीछे केएल राहुल के हाथों लपकवाया. जो उनका मैच में तीसरा व‍िकेट रहा.

न्यूजीलैंड की प्लेइंग 11: टिम सीफर्ट, विल यंग, ​​हेनरी निकोल्स, डेरिल म‍िचेल, टॉम लाथम (विकेट कीपर), ग्लेन फिलिप्स, मिचेल सेंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, काइल जैमीसन, जैकब डफी, ब्लेयर टिकनर

भारत की प्लेइंग 11: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेट कीपर), नमन धीर, अंशुल कंबोज, आकिब नबी, गुरनूर बरार, अर्शदीप सिंह

ईडन पार्क की पिच टी20 मुकाबले वाली पिच से अलग रहने की उम्मीद है. इस बार बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच बेहतर संतुलन देखने को मिल सकता है. यहां आमतौर पर अच्छी उछाल मिलती है. ग्लेन फिलिप्स के मुताबिक, पर्थ के बाद यह दुनिया के सबसे ज्यादा उछाल वाले मैदानों में शामिल हो सकता है. मौसम भी साफ रहने का अनुमान है और बारिश से खेल प्रभावित होने की आशंका नहीं है.

रोहित शर्मा ने न्यूजीलैंड की धरती पर अब तक कोई वनडे शतक नहीं लगाया है. उन्होंने यहां 13 पारियों में 36.41 की औसत और 72.95 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं. दूसरी ओर, शुभमन गिल इस साल वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने 2026 में अब तक 11 पारियों में 895 रन बनाए हैं. उनका औसत 111.87 और स्ट्राइक रेट 118.7 रहा है.

यह सीरीज दोनों टीमों के लिए 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी के लिहाज से भी अहम है. भारत को खास तौर पर रोहित शर्मा और विराट कोहली की मौजूदा फॉर्म का आकलन करने का मौका मिलेगा. वहीं, न्यूजीलैंड यह परखना चाहेगा कि वह बड़े टूर्नामेंट के नॉकआउट मुकाबलों में भारत की आक्रामक बल्लेबाजी का सामना कैसे कर सकता है.

न्यूजीलैंड vs भारत (हेड टू हेड वनडे)
कुल मैच: 123
न्यूज़ीलैंड जीता: 52
भारत जीता: 63
टाई: 1
बेनतीजा: 7