उत्तराखंड के चारधाम में तापमान माइनस 8°C से कम, तमिलनाडु समेत 6 राज्यों में बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड के चारों धामों में आज सुबह तापमान माइनस में दर्ज किया गया। केदारनाथ में न्यूनतम तापमान -8°C, बद्रीनाथ में -9°C, गंगोत्री में -13°C और यमुनोत्री में -6°C रिकॉर्ड किया गया। वहीं, केदारनाथ में चार दिन पहले हुई बर्फबारी के बाद अब तक बर्फ नहीं पिघली है। मौसम विभाग ने 5 नवंबर से दक्षिण, मध्य और पूर्वी भारत के 6 राज्यों में बारिश का अनुमान जताया है। इनमें तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना शामिल हैं। आज तमिलनाडु के तूतीकोरिन में भी भारी बारिश हो रही है।
दिल्ली में गुरुवार सुबह हवा बेहद खराब रही। सुबह 8:01 बजे राजधानी का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 482 दर्ज किया गया। कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के 7 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI 400 से ऊपर दर्ज किया गया।
