2 करोड़ की फर्जी लूट! कर्ज से बचने के लिए व्यापारी ने रची थी साजिश, 16 घंटे में बीजापुर पुलिस का खुलासा

बीते दिनों भैरमगढ़ से गीदम जा रहे एक सोना-चांदी व्यापारी स्वरूप सोनी ने 2 करोड़ रुपये के सोने-चांदी, कैश और मोबाइल लूटे जाने की सूचना दी थी. पुलिस पड़ताल में यह मामला पूरी तरह फर्जी और एक सोची-समझी साजिश निकला. सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए तीन टीमें गठित कीं. सीमाओं पर नाकेबंदी कराई. साथ ही 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले. करीब 16 घंटे की कड़ी मशक्कत, तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने सच्चाई सामने ला दी.

जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, लूट की पूरी कहानी संदिग्ध लगने लगी. कथित लूट में छीने गए तीनों मोबाइल फोन हाईवे से लगे जंगल में एक ही जगह पर चालू और सुरक्षित हालत में मिले. इस बात ने पुलिस का संदेह और बढ़ा दिया.

शक गहराने पर पुलिस ने व्यापारी, उसके साथ मौजूद कपड़ा व्यापारी और वाहन चालक से अलग-अलग पूछताछ की. तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज की जांच में तीनों के बयानों में अंतर पाया गया.

व्यापारी स्वरूप सोनी की पृष्ठभूमि खंगालने पर पता चला कि उस पर बड़ा कर्ज था और लगातार तगादा हो रहा था. सख्ती से पूछताछ करने पर व्यापारी ने स्वीकार किया कि कर्ज के दबाव से बचने के लिए ही उसने 2 करोड़ रुपये की फर्जी लूट की योजना बनाई थी. इस फर्जी लूट में व्यापारी के साथ कपड़ा व्यापारी और वाहन चालक भी शामिल थे. तीनों ने मिलकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया था. एएसपी राहुल बंसल के अनुसार, पुलिस की मुस्तैदी और साक्ष्यों के आधार पर इस फर्जी लूट का खुलासा हुआ.